दून अस्पताल में बिलिंग काउंटर पर बवाल, महिला ने कर्मचारी पर लगाए बदसलूकी के आरोप

देहरादून: राजधानी के दून अस्पताल में बुधवार दोपहर बिलिंग काउंटर पर उस समय हंगामे की स्थिति बन गई जब एक महिला ने अस्पताल कर्मचारी पर अभद्र व्यवहार का आरोप लगाते हुए विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। विवाद बढ़ने पर अस्पताल प्रशासन को हस्तक्षेप करना पड़ा और पुलिस को भी मौके पर बुलाया गया।
जानकारी के अनुसार, दोपहर करीब 1:30 बजे एक व्यक्ति अपने परिजन के डिस्चार्ज संबंधी बिल बनवाने के लिए अस्पताल पहुंचा था। बताया जा रहा है कि वह गलती से लैब से जुड़े काउंटर की लाइन में लग गया। लंबे समय तक इंतजार करने के बाद जब उसकी बारी आई तो कर्मचारियों ने उसे बताया कि डिस्चार्ज बिल दूसरे बिलिंग काउंटर पर बनेगा।
इसके बाद वह संबंधित बिलिंग काउंटर पर पहुंचा, जहां मौजूद कर्मचारी ने निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार उसे लाइन में लगकर आने के लिए कहा। इसी बात को लेकर कर्मचारी और मरीज पक्ष के बीच बहस शुरू हो गई। विवाद बढ़ने पर व्यक्ति के साथ मौजूद महिला ने कर्मचारी पर अभद्रता करने का आरोप लगाया और मौके पर हंगामा शुरू कर दिया।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, महिला ने अस्पताल प्रशासन के खिलाफ नाराजगी जताते हुए पुलिस को बुला लिया। कुछ समय तक अस्पताल परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बना रहा। महिला का आरोप था कि सुबह से उन्हें एक काउंटर से दूसरे काउंटर तक भेजा जा रहा था और कर्मचारियों का व्यवहार सहयोगात्मक नहीं था।
वहीं अस्पताल कर्मचारियों का कहना है कि संबंधित व्यक्ति को केवल नियमों के अनुसार लाइन में लगकर आने के लिए कहा गया था, जिसके बाद वह और उसके साथ मौजूद महिला नाराज हो गए। कर्मचारियों के अनुसार, विवाद के दौरान ही संबंधित मरीज का डिस्चार्ज बिल तैयार कर दिया गया था।
मामले को बढ़ता देख अस्पताल प्रशासन ने तत्काल संबंधित कर्मचारी को काउंटर से हटाकर दूसरे कर्मचारी को वहां तैनात कर दिया, ताकि स्थिति को शांत किया जा सके। इसके बावजूद महिला अस्पताल के मुख्य गेट पर विरोध जताती रही।
दून अस्पताल के चिकित्सा अधीक्षक डा. आर.एस. बिष्ट ने बताया कि प्रारंभिक जानकारी के अनुसार व्यक्ति गलत लाइन में लग गया था और उसे सही काउंटर पर जाने के लिए कहा गया था। इसी दौरान विवाद की स्थिति उत्पन्न हुई। उन्होंने कहा कि कर्मचारी पर लगाए गए अभद्रता के आरोपों की गंभीरता से जांच की जा रही है और संबंधित कर्मचारियों से स्पष्टीकरण मांगा गया है। जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
फिलहाल पुलिस और अस्पताल प्रशासन की मौजूदगी में मामला शांत करा दिया गया है, जबकि पूरे घटनाक्रम की जांच जारी है।
