दिल्ली में हैवानियत की हद: किशोरी से सामूहिक दुष्कर्म के बाद हत्या, शव को कुत्तों ने नोचा; वारदात में 3 नाबालिगों शामिल

स्वरूप नगर में किशोरी से सामूहिक दुष्कर्म के बाद हत्या, तीन नाबालिग समेत चार पकड़े गए
नई दिल्ली। दिल्ली के बाहरी उत्तरी जिले के स्वरूप नगर इलाके में एक किशोरी के साथ कथित सामूहिक दुष्कर्म के बाद उसकी चाकू से हत्या किए जाने का मामला सामने आया है। पुलिस ने मामले में एक बालिग युवक और तीन नाबालिगों को पकड़ा है। नाबालिगों की उम्र करीब 16 से 17 वर्ष बताई गई है। बालिग आरोपी की पहचान शिवम उर्फ सुदामा के रूप में हुई है।
13 सितंबर को मिला था शव
पुलिस के अनुसार, 13 सितंबर की सुबह स्वरूप नगर थाना पुलिस को कुशक रोड स्थित लाल बाउंड्री के पास जयपाल राणा के खेत के नजदीक खुले मैदान में एक लड़की का शव पड़े होने की सूचना मिली थी। पुलिस मौके पर पहुंची तो लड़की की चाकू से गोदकर हत्या की गई थी। शुरुआत में मौके पर उसकी पहचान नहीं हो सकी। बाद में उसकी पहचान स्वरूप नगर इलाके की रहने वाली किशोरी के रूप में हुई।
50 से ज्यादा CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली
मामले में कोई प्रत्यक्षदर्शी नहीं मिलने के बाद पुलिस ने घटनास्थल और आसपास के रास्तों पर लगे 50 से ज्यादा CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली। फुटेज में वारदात के समय के आसपास एक संदिग्ध टेंपो इलाके में आता-जाता दिखाई दिया। अंधेरा होने के कारण शुरुआत में उसका नंबर स्पष्ट नहीं हो सका, लेकिन पुलिस ने अलग-अलग कैमरों की फुटेज को जोड़कर टेंपो के रूट का पता लगाया।
खड्डा कॉलोनी में मिला टेंपो
पुलिस ने 15 और 16 सितंबर की दरमियानी रात तलाशी अभियान चलाया। संदिग्ध टेंपो स्वरूप नगर की खड्डा कॉलोनी में मिला। उसके चालक से पूछताछ और आगे की जांच के बाद पुलिस चार आरोपितों तक पहुंची।
दो चाकू और कपड़े बरामद
पुलिस ने आरोपितों के कब्जे से वारदात में इस्तेमाल किए गए दो चाकू, घटना के समय पहने गए कपड़े और टेंपो बरामद किया है। बरामद सामान को फोरेंसिक जांच के लिए भेजा गया है और पुलिस तकनीकी व अन्य साक्ष्यों की पुष्टि कर रही है।
पुलिस के अनुसार, प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि किशोरी आरोपितों में से एक को जानती थी और उससे मिलने गई थी। पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि घटना में प्रत्येक आरोपित की क्या भूमिका थी और क्या कोई अन्य व्यक्ति भी इसमें शामिल था।
