उत्तराखंड के खिलाड़ियों के लिए बड़ी सौगात: खेल विभाग में जुड़ीं 4 नई खेल विधाएं, 15 जुलाई से शुरू होगा प्रशिक्षण

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व वाली उत्तराखंड सरकार ने राज्य की खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण निर्णय लिया है। खेल विभाग के अंतर्गत पहली बार शूटिंग, तैराकी (स्विमिंग), जिम्नास्टिक और आइस स्पोर्ट्स को शामिल किया गया है। इस फैसले के साथ ही खेल विभाग के अधीन संचालित खेलों की संख्या 8 से बढ़कर 12 हो गई है।
इन चार नई खेल विधाओं का प्रशिक्षण 15 जुलाई से महाराणा प्रताप स्पोर्ट्स कॉलेज में शुरू किया जाएगा। इससे राज्य के युवा खिलाड़ियों को सरकारी स्तर पर आधुनिक प्रशिक्षण, बेहतर सुविधाएं और राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं की तैयारी का अवसर मिलेगा।
अब तक खेल विभाग के तहत फुटबॉल, हॉकी, एथलेटिक्स, बॉक्सिंग, जूडो, बैडमिंटन, वॉलीबॉल और क्रिकेट जैसी आठ खेल विधाओं में प्रशिक्षण दिया जाता था। नई खेल विधाओं के शामिल होने से अब खिलाड़ियों को ओलंपिक आधारित खेलों में भी सरकारी सहायता और पेशेवर प्रशिक्षण प्राप्त होगा।
सरकार का मानना है कि इस पहल से उत्तराखंड के अधिक से अधिक खिलाड़ी राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर सकेंगे। साथ ही राज्य में खेल संस्कृति को बढ़ावा मिलेगा और भविष्य में ओलंपिक, एशियन गेम्स तथा अन्य बड़ी प्रतियोगिताओं के लिए मजबूत खिलाड़ियों की नई पीढ़ी तैयार होगी।
