उत्तराखंड में बारिश का असर: 49 सड़कें बंद, देहरादून सबसे ज्यादा प्रभावित; PWD अलर्ट पर

उत्तराखंड में मानसून पूरी तरह सक्रिय होने से पहले ही लगातार हो रही बारिश का असर सड़क संपर्क व्यवस्था पर साफ दिखाई देने लगा है। राज्य के कई जिलों में भूस्खलन और मलबा आने से सड़कें प्रभावित हुई हैं। स्थिति को देखते हुए लोक निर्माण विभाग (PWD) ने प्रदेशभर की 369 सड़कों पर लगातार निगरानी शुरू कर दी है।
विभाग के अनुसार, वर्तमान में 49 सड़कें पूरी तरह बंद हैं, जबकि 9 मार्गों को आंशिक रूप से खोल दिया गया है। वहीं 311 सड़कों पर यातायात सामान्य रूप से संचालित हो रहा है। बंद सड़कों को जल्द से जल्द खोलने के लिए मशीनें और टीमें लगातार काम कर रही हैं।
बारिश का सबसे अधिक प्रभाव देहरादून जिले में देखने को मिला है। यहां 55 सड़कें प्रभावित हुई हैं, जिनमें से 15 सड़कें पूरी तरह बंद हैं। इसके अलावा टिहरी गढ़वाल में 9, पिथौरागढ़ और बागेश्वर में 8-8, चमोली में 4, अल्मोड़ा में 2 तथा चंपावत, नैनीताल और उत्तरकाशी में 1-1 सड़क बंद है।
लोक निर्माण विभाग के अनुसार, प्रभावित सड़कों की मरम्मत और बहाली के लिए लगभग ₹14.16 करोड़ (1416.65 लाख रुपये) का अनुमानित खर्च आएगा। विभाग ने सभी जिलों के अधिकारियों को संवेदनशील क्षेत्रों में लगातार निगरानी रखने और मार्गों को जल्द से जल्द बहाल करने के निर्देश दिए हैं।
प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि बारिश के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचें और यात्रा पर निकलने से पहले संबंधित जिले की सड़क और मौसम की ताजा जानकारी अवश्य प्राप्त करें।
