UttarakhandUttarakhandआम मुद्देउत्तराखंडदुनियाब्रेकिंग

ऋषिकेश में CM धामी ने ‘सेवा पखवाड़ा’ का किया शुभारंभ, बोले— 2035 तक विकसित उत्तराखंड हमारा लक्ष्य

ऋषिकेश: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शनिवार को ऋषिकेश स्थित आईडीपीएल परिसर में ‘सेवा, सुशासन एवं समर्पण – जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार’ अभियान के तहत ‘सेवा पखवाड़ा’ का शुभारंभ किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि राज्य सरकार का लक्ष्य वर्ष 2035 तक उत्तराखंड को एक विकसित प्रदेश बनाना है और इसी दिशा में तेजी से कार्य किए जा रहे हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार जनता के बीच जाकर उनकी समस्याओं का समाधान कर रही है तथा विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि सेवा पखवाड़ा का उद्देश्य शासन और जनता के बीच संवाद को मजबूत करना तथा सरकारी सेवाओं को लोगों के द्वार तक पहुंचाना है।

विपक्ष पर निशाना साधते हुए मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि आज विकास कार्यों पर सवाल उठाने वाले वे लोग हैं, जिन्हें पहले अवसर मिला लेकिन उन्होंने प्रदेश के विकास के लिए कोई ठोस कार्य नहीं किया। उन्होंने अपनी सरकार के पिछले पांच वर्षों के विकास कार्यों और जनहित में लिए गए निर्णयों का भी उल्लेख किया।

मुख्यमंत्री के कार्यकाल के 5 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर शुरू किए गए इस अभियान के तहत राज्यभर में बहुउद्देशीय शिविर आयोजित किए जाएंगे। इन शिविरों में स्वास्थ्य, आयुष्मान भारत, पेंशन, राजस्व, समाज कल्याण, कृषि, स्वरोजगार सहित विभिन्न विभागों की सेवाएं एवं योजनाओं का लाभ आम नागरिकों को उपलब्ध कराया जाएगा।

अगले 15 दिनों तक चलने वाले इस विशेष अभियान के दौरान दिव्यांगजन, वरिष्ठ नागरिक, महिलाएं, किसान, युवा तथा जरूरतमंद परिवारों को विभिन्न सरकारी योजनाओं से जोड़ने और उनकी समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए विशेष प्रयास किए जाएंगे।

कार्यक्रम में राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (सेवानिवृत्त), भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट, केंद्रीय राज्य मंत्री अजय टम्टा, पूर्व मुख्यमंत्री रमेश पोखरियाल ‘निशंक’, कैबिनेट मंत्री रेखा आर्य, धन सिंह रावत, खजान दास, भारत चौधरी, विधायक प्रेमचंद अग्रवाल सहित कई जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *