गला घोंटा, चेहरे पर उड़ेला खौलता तेल… बेंगलुरु में पत्नी की हत्या को आत्महत्या दिखाने के लिए पति ने रची साजिश

बेंगलुरु में एक पति ने घरेलू विवाद के चलते अपनी पत्नी की गला घोंटकर हत्या कर दी और फिर आत्महत्या दिखाने के लिए उसके चेहरे पर खौलता तेल डाल दिया।बेंगलुरु के बिलेकाहल्ली इलाके में 16 सितंबर को बिहार के रहने वाले 40 वर्षीय व्यक्ति ने लंबे समय से चल रहे घरेलू विवाद और पत्नी के फोन न उठाने से नाराज होकर हत्या कर दी।
मृतक महिला की पहचान 38 वर्षीय गृहिणी गुंजा मद्धेशिया के रूप में हुई है, जबकि आरोपी पति रंजीत कुमार गुप्ता को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस ने बताया कि गला घोंटकर हत्या करने के बाद आरोपी ने मामले को आत्महत्या का रूप देने और चेहरा बिगाड़ने के इरादे से पत्नी के चेहरे पर खौलता हुआ तेल डाल दिया। हालांकि, पूछताछ के दौरान उसके बयानों में पाई गई विसंगतियों के कारण पुलिस का शक गहरा गया और पूरी साजिश का पर्दाफाश हो गया।वारदात के दिन क्या हुआ?
शुरुआती जांच के अनुसार, पिछले तीन महीनों से इस जोड़े के बीच छोटी-छोटी बातों पर अक्सर झगड़ा होता था। 16 सितंबर की सुबह करीब 9:30 बजे रंजीत काम के लिए निकला, लेकिन कुछ ही देर बाद वापस लौट आया और गुंजा के साथ फिर से झगड़ा करने लगा।इसके बाद दोपहर करीब 3 बजे वह कथित तौर पर दोबारा घर लौटा, खाना पकाने का तेल गर्म किया और गुंजा के चेहरे पर डाल दिया। पुलिस के मुताबिक, उसका उद्देश्य शव की पहचान बिगाड़ना और हत्या को आत्महत्या जैसा दिखाना था। इसके बाद वह घर बंद कर काम पर चला गया।
शाम को घर लौटने के बाद रंजीत ने पड़ोसियों के सामने अनजान बनने का नाटक किया और दावा किया कि गुंजा ने आत्महत्या कर ली है। मकान मालिक को रात करीब 8 बजे घटना की जानकारी मिली और उसने पुलिस को सूचना दी।
पुलिस मौके पर पहुंची तो रंजीत के बयान और उसके व्यवहार में कई विरोधाभास मिले। पुलिस इंस्पेक्टर नटराज डीएन की टीम ने उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में पुलिस के अनुसार उसने हत्या की बात स्वीकार की।
मृतका की पहचान 38 वर्षीय गुंजा मद्धेशिया और आरोपी की पहचान 40 वर्षीय रंजीत कुमार गुप्ता के रूप में हुई है। दोनों बिहार के रहने वाले बताए गए हैं और करीब 18 महीने पहले बच्चों के साथ बेंगलुरु आए थे। फिलहाल रंजीत को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है, जबकि दोनों बच्चों को रिश्तेदारों के पास भेजा गया है।
