‘देवभूमि के विकास में CSR बढ़ाएं’— उद्योग जगत को सीएम धामी का आह्वान

देहरादून: उत्तराखंड को विकास के नए आयामों तक पहुंचाने के उद्देश्य से मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने उद्योग जगत और कॉरपोरेट समूहों से राज्य की प्रगति में सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील की। शुक्रवार को मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय स्थित मुख्य सेवक सदन में आयोजित ‘उत्तराखंड CSR डायलॉग’ कार्यक्रम में उन्होंने कहा कि सरकार और उद्योग जगत की साझेदारी राज्य के समग्र विकास को नई गति दे सकती है।
मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम में मौजूद कॉरपोरेट कंपनियों, केंद्रीय सार्वजनिक उपक्रमों (CPSEs), CSR पार्टनर्स, उद्योग संगठनों और सामाजिक संस्थाओं के प्रतिनिधियों का स्वागत करते हुए कहा कि देवभूमि उत्तराखंड में किया गया हर सामाजिक योगदान केवल निवेश नहीं, बल्कि सेवा और पुण्य का कार्य है। उन्होंने कहा कि हमारे धर्मग्रंथों में तीर्थ स्थलों पर दान का विशेष महत्व बताया गया है, इसलिए उत्तराखंड में CSR के माध्यम से किया गया योगदान समाज और राष्ट्र निर्माण दोनों के लिए महत्वपूर्ण है।
इन क्षेत्रों में निवेश का किया आग्रह
मुख्यमंत्री धामी ने उद्योग जगत से विशेष रूप से कौशल विकास (Skill Development), महिला सशक्तिकरण, शिक्षा, स्वास्थ्य, पर्यावरण संरक्षण, ग्रामीण विकास, स्वरोजगार और युवाओं के लिए रोजगार सृजन जैसे क्षेत्रों में CSR के माध्यम से अधिक निवेश करने की अपील की।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार उद्योगों के साथ मिलकर ऐसी विकास योजनाओं को आगे बढ़ाना चाहती है, जिनका सीधा लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे और उत्तराखंड आत्मनिर्भर एवं समृद्ध राज्य के रूप में आगे बढ़े।
‘विकसित उत्तराखंड’ की दिशा में साझेदारी जरूरी
मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड तेजी से विकास की ओर अग्रसर है और ‘विकसित भारत 2047’ के लक्ष्य को हासिल करने में उत्तराखंड महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। इसके लिए सरकार, उद्योग जगत और सामाजिक संस्थाओं के बीच मजबूत सहयोग आवश्यक है।
उन्होंने विश्वास जताया कि कॉरपोरेट समूह अपनी सामाजिक जिम्मेदारी निभाते हुए उत्तराखंड के विकास में महत्वपूर्ण योगदान देंगे और राज्य को विकास के नए शिखर तक पहुंचाने में सहभागी बनेंगे
