UttarakhandUttarakhandअन्यउत्तराखंडएक्सपोज्डदुनियाब्रेकिंगस्पेशल

बदरीनाथ धाम चढ़ावा हेराफेरी मामला: जांच के पहले ही दिन प्रमोद नौटियाल निलंबित, FIR दर्ज कराने की तैयारी

बीकेटीसी की जांच समिति को शुरुआती जांच में मिले गंभीर संकेत, अध्यक्ष कार्यालय के वैयक्तिक सहायक की भूमिका प्रथम दृष्टया संदिग्ध। जांच का दायरा बढ़ेगा, दस्तावेज, CCTV और कर्मचारियों के बयानों की होगी गहन जांच।चमोली | विश्व प्रसिद्ध बदरीनाथ धाम में दान-चढ़ावा हेराफेरी के मामले में श्री बदरीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति (बीकेटीसी) ने जांच के पहले ही दिन बड़ी कार्रवाई करते हुए अध्यक्ष कार्यालय में तैनात वैयक्तिक सहायक प्रमोद नौटियाल को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। मामले में उनके खिलाफ पुलिस में तहरीर देकर मुकदमा दर्ज कराने की तैयारी भी शुरू कर दी गई है।

मंगलवार को पहली बार बदरीनाथ धाम पहुंची विभागीय जांच समिति ने प्रारंभिक जांच के दौरान दान-चढ़ावा प्रकरण से जुड़े दस्तावेजों और उपलब्ध तथ्यों की समीक्षा की। शुरुआती जांच में प्रमोद नौटियाल की भूमिका प्रथम दृष्टया संदिग्ध पाए जाने के बाद समिति ने अपने निष्कर्षों से बीकेटीसी के वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत कराया।

समिति से मिले इनपुट के आधार पर बीकेटीसी अध्यक्ष हेमंत द्विवेदी ने बिना देरी किए प्रमोद नौटियाल के निलंबन के आदेश जारी किए। देर शाम तक उनके खिलाफ संबंधित धाराओं में पुलिस शिकायत दर्ज कराने की प्रक्रिया भी जारी रही।

जांच का दायरा होगा और व्यापक

सूत्रों के अनुसार, जांच अब केवल एक कर्मचारी तक सीमित नहीं रहेगी। विभागीय और उच्चस्तरीय जांच समितियां दान-चढ़ावा प्रबंधन की पूरी प्रक्रिया की गहराई से जांच करेंगी। जांच के दौरान वित्तीय रिकॉर्ड, दान रजिस्टर, संबंधित दस्तावेज, सीसीटीवी फुटेज और कर्मचारियों के बयान भी दर्ज किए जाएंगे।

यदि जांच में किसी अन्य अधिकारी या कर्मचारी की भूमिका संदिग्ध पाई जाती है, तो उनके खिलाफ भी विभागीय कार्रवाई के साथ-साथ कानूनी कार्रवाई की संस्तुति की जाएगी।

पारदर्शिता बनाए रखने पर जोर

बीकेटीसी प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि बदरीनाथ धाम जैसे आस्था के केंद्र में श्रद्धालुओं द्वारा चढ़ाए गए दान के प्रबंधन में किसी भी प्रकार की अनियमितता को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। दोषी पाए जाने वाले प्रत्येक व्यक्ति के खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।

फिलहाल जांच जारी है और प्रशासन का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद पूरे मामले का विस्तृत खुलासा किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *