DEHRADUNUttarakhandUttarakhandउत्तराखंडपॉलिटिक्सब्रेकिंगराज्य

मतदाता सूची अपडेट में देहरादून आगे, सभी मतदाताओं तक पहुंचे गणना प्रपत्र

देहरादून: विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर-2026) अभियान के तहत देहरादून जिले में मतदाता सूची पुनरीक्षण कार्य तेज़ी से आगे बढ़ रहा है। जिला प्रशासन ने सभी 13,76,813 पंजीकृत मतदाताओं तक गणना प्रपत्रों का शत-प्रतिशत वितरण सफलतापूर्वक पूरा कर लिया है। इसके साथ ही अब तक 11,88,720 गणना प्रपत्रों का डिजिटाइजेशन भी किया जा चुका है, जो कुल प्रपत्रों का 86.34 प्रतिशत है। शेष प्रपत्रों के डिजिटाइजेशन और सत्यापन का कार्य युद्धस्तर पर जारी है।

सोमवार को जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. आशीष चौहान ने कलेक्ट्रेट स्थित ऋषिपर्णा सभागार में मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ विशेष समीक्षा बैठक की। बैठक में अभियान की प्रगति का विस्तृत आकलन किया गया तथा आगामी कार्ययोजना पर चर्चा हुई।

जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि जिन मतदाताओं से अब तक गणना प्रपत्र प्राप्त नहीं हो सके हैं, उनके घरों पर दोबारा संपर्क स्थापित कर प्रपत्र भरवाए जाएं। उन्होंने सभी बीएलओ (Booth Level Officer) और सुपरवाइजरों को नियमित रूप से अपने-अपने क्षेत्रों में मौजूद रहकर अभियान की निगरानी करने के निर्देश दिए।

बैठक में बताया गया कि अप्राप्त गणना प्रपत्रों को मृत, स्थायी रूप से स्थानांतरित, अनुपस्थित, पूर्व से पंजीकृत तथा अन्य श्रेणियों में वर्गीकृत किया गया है। इन सभी मामलों का पुनः सत्यापन किया जा रहा है और आवश्यकता पड़ने पर बीएलए-2 (Booth Level Agent) का सहयोग भी लिया जाएगा।

डॉ. आशीष चौहान ने सभी राजनीतिक दलों से अपने-अपने बूथ स्तरीय अभिकर्ताओं (बीएलए) के माध्यम से अभियान में सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने की अपील की। उन्होंने कहा कि प्रशासन का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि कोई भी पात्र मतदाता मतदाता सूची से वंचित न रहे। इसके लिए सभी संबंधित विभागों, निर्वाचन अधिकारियों और राजनीतिक दलों के बीच बेहतर समन्वय आवश्यक है।

बैठक के दौरान दावे एवं आपत्तियों की प्रक्रिया, मतदाता सूची के अंतिम सत्यापन तथा निर्वाचक नामावली के प्रकाशन की समय-सारिणी पर भी विस्तार से चर्चा की गई। जिला प्रशासन का लक्ष्य निर्धारित समय सीमा के भीतर मतदाता सूची को पूरी तरह अद्यतन एवं त्रुटिरहित बनाना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *