मसूरी में ट्रैफिक जाम से मिलेगी राहत! 11.7 किमी रोपवे नेटवर्क बदलेगा पर्यटन का सफर

मसूरी। पर्यटन नगरी मसूरी में बढ़ते ट्रैफिक जाम से राहत दिलाने और पर्यटकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में बड़ा कदम उठाया जा रहा है। मसूरी रोपवे परियोजना के तहत 11.7 किलोमीटर लंबे केबल कार नेटवर्क के निर्माण की तैयारियां तेज हो गई हैं।
आवास सचिव डॉ. आर. राजेश कुमार ने वरिष्ठ अधिकारियों के साथ प्रस्तावित स्थलों का निरीक्षण कर परियोजना की प्रगति का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान किंक्रेग पार्किंग, गढ़वाल टैरेस, माउंटरोज, लाल टिब्बा के नाहटा एस्टेट और कंपनी बाग सहित कई स्थानों का तकनीकी मूल्यांकन किया गया।
इस महत्वाकांक्षी परियोजना का निर्माण उत्तराखंड मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन के माध्यम से किया जाएगा। नया रोपवे नेटवर्क जार्ज एवरेस्ट, लाइब्रेरी चौक, लाल टिब्बा, कैमल बैक रोड और कैंपटी फॉल जैसे प्रमुख पर्यटन स्थलों को आपस में जोड़ेगा। इससे पर्यटकों की आवाजाही आसान होगी और वीकेंड पर लगने वाले लंबे ट्रैफिक जाम से काफी हद तक राहत मिलने की उम्मीद है।
परियोजना के तहत पर्यावरण संरक्षण का भी विशेष ध्यान रखा जाएगा। निर्माण कार्यों के दौरान कम से कम 10 प्रतिशत ग्रीन एरिया सुरक्षित रखना अनिवार्य होगा। इसके साथ ही राज्य सरकार प्रदेशभर में 54 नई पार्किंग विकसित करने की योजना पर भी तेजी से काम कर रही है, जिससे पर्यटन बुनियादी ढांचे को और मजबूती मिलेगी
