तेलंगाना

हैदराबाद में ₹10 के छुट्टे के लिए ऑटो ड्राइवर की बीच सड़क पीट-पीटकर हत्या, पत्नी-बच्चों के सामने तोड़ा दम

हैदराबाद के राजेंद्रनगर इलाके में 20 सितंबर की शाम को ₹10 के छुट्टे पैसे को लेकर हुए विवाद में एक ऑटो ड्राइवर की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। AIMIM विधायक मोहम्मद मुबीन ने बताया कि आरोपी हिस्ट्रीशीटर हैं और पुलिस से दोषियों पर सख्त कार्रवाई की अपील की है। 20 सितंबर की शाम को हैदराबाद के राजेंद्रनगर पुलिस स्टेशन इलाके के वट्टापल्ली में 10 रुपये के छुट्टे पैसे को लेकर झगड़ा हो गया। थोड़ी देर में झगड़ा इतना बढ़ गया कि लोगों के एक ग्रुप ने कथित तौर पर एक ऑटो ड्राइवर की पीट-पीटकर हत्या कर दी। घटना के बाद पुलिस और AIMIM के नेता मौके पर पहुँचे और मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू की।

10 रुपये के विवाद में हत्या

AIMIM बहादुरपुरा के विधायक मोहम्मद मुबीन ने मामले की जानकारी देते हुए कहा, ‘झगड़ा छुट्टे पैसे के मामूली मुद्दे को लेकर शुरू हुआ था जो बाद में हिंसा में बदल गया।’ विधायक ने आगे कहा, ‘झगड़ा सिर्फ 10 रुपये के छुट्टे पैसे को लेकर था। आरोपी ने 10 रुपये के किराए के लिए 200 का नोट दिया था, और फिर अजीम नाम के व्यक्ति ने ऑटो ड्राइवर के साथ बदसलूकी की और फिर अपने साथियों को बुलाकर सड़क के बीचों-बीच, उसकी पत्नी और बच्चों के सामने पीट-पीट कर हत्या कर दी।’ विधायक ने आगे बताया, ‘अजीम खुद को एक न्यूज रिपोर्टर बताता है।’ आरोपियों का रहा है पुराना इतिहास

विधायक मुबीन ने आरोप लगाते हुए कहा, ‘आरोपी इलाके में उपद्रवी के तौर पर जाने जाते हैं। अजीम, शोएब और उनके साथ हिस्ट्रीशीटर हैं और पूरे वट्टापल्ली इलाके में गुंडागर्दी कर रहे हैं। एक महीने में उसी सड़क पर ये दूसरी हत्या है।’

विधायक ने पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों से दोषियों पर तुरंत और सख्त कार्रवाई करने की अपील की है। उन्होंने कहा,’हम राजेंद्रनगर के DCP और हैदराबाद पुलिस कमिश्नर से अपील करते हैं कि वे सभी आरोपियों को तुरंत गिरफ्तार करें, सख्त कार्रवाई करें और इलाके में गश्त बढ़ाएं। हम मृतक के परिवार के साथ हैं और उनके लिए न्याय की मांग करते हैं।’

पुलिस मामले की जांच में जुटी

राजेंद्रनगर पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि हमने मामला दर्ज कर लिया है और मामले की जांच जारी है। आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के बारे में और जानकारी का इंतजार है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *