13 अगस्त तक दर्ज करा सकेंगे दावे-आपत्तियां, अंतिम मतदाता सूची 15 सितंबर 2026 को होगी जारी

देहरादून: उत्तराखंड में विशेष गहन पुनरीक्षण (Special Intensive Revision – SIR) कार्यक्रम के पहले चरण के पूरा होने के बाद मंगलवार को ड्राफ्ट मतदाता सूची जारी कर दी गई। मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. बीवीआरसी पुरुषोत्तम के निर्देशन में तैयार की गई इस सूची में 71,33,785 मतदाताओं के नाम शामिल किए गए हैं।
अपर मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. विजय कुमार जोगदंडे ने बताया कि यह पुनरीक्षण 1 जुलाई 2026 को अर्हता तिथि मानते हुए किया गया है। इसके तहत 8 जून से 7 जुलाई 2026 तक गणना पत्रों के वितरण, सत्यापन और डिजिटलीकरण का कार्य पूरा किया गया, जिसके बाद 14 जुलाई 2026 को ड्राफ्ट मतदाता सूची प्रकाशित की गई।
इस बार राज्य में मतदान केंद्रों की संख्या भी बढ़ाई गई है। पहले जहां 11,733 मतदान केंद्र थे, वहीं अब उनकी संख्या बढ़ाकर 12,543 कर दी गई है, जिससे मतदाताओं को मतदान की बेहतर सुविधा मिल सकेगी।
निर्वाचन आयोग ने नागरिकों को 14 जुलाई से 13 अगस्त 2026 तक फॉर्म-6, फॉर्म-7 और फॉर्म-8 के माध्यम से नए नाम जोड़ने, नाम हटाने या संशोधन कराने के लिए दावे और आपत्तियां दर्ज कराने का अवसर दिया है। नए मतदाता पंजीकरण (फॉर्म-6) के साथ घोषणा पत्र देना अनिवार्य होगा।
अपर मुख्य निर्वाचन अधिकारी के अनुसार, ड्राफ्ट सूची में शामिल लगभग 19 लाख मतदाताओं के रिकॉर्ड में विभिन्न प्रकार की विसंगतियां पाई गई हैं। ऐसे मामलों में संबंधित निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी (ERO) और सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी (AERO) द्वारा नोटिस जारी किए जाएंगे और सुनवाई की जाएगी।
दावे और आपत्तियों के निस्तारण के लिए 14 जुलाई से 11 सितंबर 2026 तक न्याय पंचायत स्तर पर क्लस्टर कैंप आयोजित किए जाएंगे। वहीं मैदानी क्षेत्रों में तहसील, नगर निगम, नगर पंचायत और वार्ड स्तर पर भी विशेष शिविर लगाए जाएंगे।
सभी दावों और आपत्तियों के निस्तारण के बाद 15 सितंबर 2026 को उत्तराखंड की अंतिम मतदाता सूची प्रकाशित की जाएगी।
