राष्ट्रीय

Weather : दिल्ली-NCR में कल बारिश के आसार, सुबह-शाम चल रही शीतलहर

उत्तर भारत में पहाड़ से लेकर मैदान तक मौसम ठंडा बना हुआ है। दिल्ली-एनसीआर और आसपास के मैदानी क्षेत्र से लेकर पहाड़ों तक कई जगह रविवार को कुछ देर के लिए धूप तो खिली, लेकिन सुबह और शाम के समय कंपकपी बनी रही।

पूरे उत्तर भारत में ही धुंध और कोहरे के कारण रेल और हवाई यातायात भी बाधित हो रहा है। वहीं, दिल्ली एनसीआर में बारिश आने की संभावना है। 

सिर्फ दिल्ली से जुड़ी 22 ट्रेनें एक से छह घंटे तक लेट रहीं। रविवार को दिल्ली में कुछ देर धूप खिलने से दृश्यता के स्तर में सुधार देखने को मिला। न्यूनतम तापमान सामान्य से एक डिग्री ज्यादा 8.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। अधिकतम तापमान सामान्य स्तर पर 18.8 डिग्री सेल्सियस रहा।

वहीं, आइजीआइ एयरपोर्ट पर सुबह सात बजे दृश्यता का स्तर 1400 मीटर तक दर्ज किया गया। मौसम विभाग के अनुसार, सोमवार सुबह हल्के से मध्यम कोहरा होगा। दिन में आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे।

हरियाणा में तापमान गिरने के बाद मंगलवार के लिए अंबाला, यमुनानगर, कुरुक्षेत्र, कैथल और करनाल में सोमवार को ओरेंज अलर्ट घोषित किया गया है। जबकि महेंद्रगढ़, रेवाड़ी, झज्जर, गुरुग्राम, मेवात, पलवल और फरीदाबाद को छोड़कर अन्य जिलों में यलो अलर्ट की स्थिति है। रविवार को प्रदेश में सबसे न्यूनतम 6.7 डिग्री सेल्सियस तापमान भिवानी और अधिकतम 15.7 डिग्री सेल्सियस तापमान गुरुग्राम में रिकार्ड किया गया।

वहीं, पंजाब पिछले कुछ दिनों से कोहरे की चादर में लिपटा हुआ है। रविवार को धूप खिलने से कोहरा छंटा, लेकिन फिर भी शीतलहर से राहत नहीं मिल पाई। अमृतसर सबसे ठंडा रहा, जहां का तापमान 5.8 डिग्री सेल्सियस रहा। मौसम वैज्ञानिकों ने सोमवार और मंगलवार को राज्य के कुछ हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश की संभावना जताई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *