उत्तराखंडक्राइम

Uttarakhand: वर्दी दागदार,आठ साल पहले महिला के साथ दुष्कर्म, कोर्ट के आदेश के बाद अब कर्नल पर दर्ज मुकदमा

उत्तराखंड में अंबाला की रहने वाली महिला ने सेना के कर्नल पर दुष्कर्म का आरोप लगाया है। 2015 के इस मामले में आठ वर्ष बाद कोर्ट के आदेश पर मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस आरोपित कर्नल की वर्तमान तैनाती को लेकर जानकारी जुटा रही है।

पुलिस ने पीड़िता को बयान दर्ज कराने को बुलाया है। शिकायतकर्ता महिला ने कोर्ट में दिए प्रार्थना पत्र में बताया कि वह वर्ष 2015 के दौरान आइएसबीटी के निकट झुग्गी बस्ती में रहती थी और कर्नल गौरव गोसाईं के घर में काम करती थी। गौरव गोसाईं के घर में उनके अलावा पत्नी व दो बच्चे रहते थे। एक दिन कर्नल की पत्नी बच्चों को लेकर कहीं गई थी। घर में कर्नल गौरव गोसाईं और वह थे।

इस दौरान कर्नल ने उसे कमरे में बुलाया और छेड़छाड़ के बाद दुष्कर्म किया। आरोपित ने उसे धमकी दी कि यदि किसी को बताया तो ठीक नहीं होगा। डर के कारण महिला ने कुछ दिन बाद वहां काम छोड़ दिया और अंबाला चली गई। 17 सितंबर 2023 को वह देहरादून आई।

इसी दौरान बल्लुपुर चौक के निकट कर्नल की पत्नी ने उसे पहचान लिया और बिना बताए काम छोड़ने का कारण पूछा। इस पर महिला ने उसे आपबीती सुना दी। कर्नल की पत्नी ने पीड़िता का हौसला बढ़ाया और कहा कि यदि उसके साथ गलत हुआ है तो उसे पुलिस से शिकायत करनी चाहिए।

दिनांक 18 सितंबर, 2023 को महिला शिकायत लेकर क्लेमेनटाउन थाने पहुंची, लेकिन आरोपित पर मुकदमा दर्ज नहीं किया गया। पीड़िता के अनुसार, पुलिस ने जब मुकदमा दर्ज नहीं किया तो उन्होंने कोर्ट में प्रार्थना पत्र दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *