उत्तर प्रदेश

Bharat Jodo Nyay Yatra : भारत जोड़ो न्याय यात्रा लेकर उन्नाव पहुंचे राहुल गांधी

भारत जोड़ो न्याय यात्रा लेकर कांग्रेस के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी बुधवार को उन्नाव पहुंच चुके हैं। इस दौरान यात्रा का 12 स्थानों पर स्वागत किया गया है। राहुल गांधी शास्त्री प्रतिमा से गांधीनगर तक खुली जीप में जाएंगे। कांग्रेस जिलाध्यक्ष आरती बाजपेयी ने बताया कि पार्टी के नेता राहुल गांधी की भारत जोड़ो न्याय यात्रा ने बुधवार सुबह लखनऊ के बनी से उन्नाव जिले की सीमा में प्रवेश किया। यहां से यात्रा का सोहरामऊ, नवाबगंज टोल टैक्स, दही चौकी व उन्नाव बाईपास पर स्वागत किया गया।

यात्रा बाईपास से शहर के अंदर होते हुए सुबह 9:45 बजे शास्त्री प्रतिमा पहुंची। यहां पर राहुल गांधी ने शास्त्री प्रतिमा पर माल्यार्पण किया। बता दें कि बाद खुली जीप में सवार होकर बड़ा चौराहा, छोटा चौराहा होते हुए गांधी तिराहा पहुंचेंगे। फिर आगे की यात्रा बस में करते हुए शेखपुर नहर चौराहा, सिंगरोसी तिराहा, मरहला चौराहा व गंगाघाट कोतवाली के पास पहुंचेंगे। इसके बाद कानपुर की सीमा में प्रवेश कर जाएगी। उधर, स्वागत को लेकर कांग्रेसी काफी उत्साहित नजर आ रहे हैं। पूरा शहर होर्डिंगों से पट गया है।

भारत जोड़ो न्याय यात्रा के दौरान बिजली आपूर्ति बंद नहीं रहेगी लेकिन इस दौरान बिजली विभाग की टीम साथ में रहेगी। एक्सईएन हेमेंद्र सिंह ने बताया कि यात्रा के दौरान बिजली बंद नहीं की जाएगी। यात्रा के साथ विभाग के अभियंताओं की टीम साथ चलती रहेगी।

भारत जोड़ो न्याय यात्रा के दौरान बुधवार सुबह उन्नाव शहर पहुंच रहे राहुल गांधी इससे पहले वर्ष 2016 में किसान यात्रा के दौरान भी उन्नाव आए थे। तब जिले में उनकी यात्रा के प्रबंधन की जिम्मेदारी उस समय कांग्रेस में रहीं पूर्व सांसद अन्नू टंडन ने संभाली थी। हालांकि वह पिछले लोकसभा और विधानसभा चुनावों में भी उन्नाव आते चुनावी रैलियों को संबोधित करते रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *