
बंगलूरू के राजाजीनगर स्थित रामेश्वरम कैपे में शुक्रवार दोपहर एक बजे भीषण धमाका हुआ था, जिसमें कई लोग घायल हो गए थे। मामले में दावा किया जा रहा था कि रामेश्वरम कैफे में अज्ञात बैग रखा गया था, जिसके कुछ देर बाद जोरदार धमाका हुआ। इस हादसे को लेकर केंद्र से लेकर राज्य सरकार तक सभी जांच पर नजर बनाए हुए हैं। अब गृह मंत्रालय ने बड़ा फैसला लिया है। उसने इस घटना की जांच एनआईए को सौंप दी है।
गृह मंत्रालय ने बंगलूरू के रामेश्वरम कैफे में हुए धमाके की जांच राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) को सौंप दी है। एनआईए ने मामले को फिर से दर्ज किया है और जांच शुरू कर दी है। बता दें, यह फैसला पिछले सप्ताह एनआईए की एक टीम के विस्फोट स्थल का दौरा करने के बाद लिया गया है।बंगलूरू के रामेश्वरम कैफे धमाका मामले में 10 घायलों का इलाज जारी है। सभी घायल खतरे से बाहर हैं। जानमाल का बड़ा नुकसान नहीं हुआ है। कर्नाटक पुलिस का बम निरोधक दस्ता और फॉरेंसिक टीम जांच में जुटी है। प्रदेश की कांग्रेस सरकार को कठघरे में खड़ा करते हुए भाजपा एनआईए जांच की मांग कर रही है।