दुनिया

Israel: पीएम नेतन्याहू बोले- हमास के खात्मे के लिए राफा में जमीनी अभियान बढ़ाएंगे

इस्राइल और हमास के बीच युद्ध जारी है। इस बीच, इस्राइल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने एक बार फिर साफ किया कि इस्राइल रक्षा बल (आईडीएफ) राफा में जमीनी अभियान को आगे बढ़ाएगी। उन्होंने कहा कि मैंने अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडन को भी इस बारे में जानकारी दे दी है। नेतन्याहू ने मंगलवार को विदेश और रक्षा समिति को बताया कि राफा में प्रवेश करने के मामले में अमेरिका के साथ हमारी असहमति है। गौरतलब है कि सात अक्तूबर से हमास और इस्राइल के बीच से युद्ध जारी है, जब हमास ने इस्राइल पर पांच हजार से अधिक मिसाइलें एक साथ दाग दी थीं। युद्ध में अब तक दोनों पक्षों के 30 हजार से अधिक लोगों की मौत हो चुकी है। 

मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, नेतन्याहू ने आगे कहा कि हम हमास को खत्म करने के लिए प्रतिबद्ध हैं। हमास की शेष बटालियन को नष्ट करने के लिए हमें राफा में प्रवेश करने की जरूरत है। हम राफा में हमला करने के लिए दृढ़ हैं।  हमास को खत्म करने के लिए ग्राउंड ऑपरेशन के अलावा कोई और रास्ता नहीं है। मैंने अमेरिकी राष्ट्रपति को साफ कर दिया है कि हम हमास के खात्मे के लिए प्रतिबद्ध हैं और जमीनी अभियान के अलावा हमारे पास कोई चारा नहीं है। 

बता दें, बाइडन ने सोमवार को फोन कॉल के दौरान नेतन्याहू को मामले में समर्थन देने से इनकार कर दिया है। अमेरिकी राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार जैक सुलिवन ने कहा यह जमीनी अभियान एक गलती होगी। इससे निर्दोष नागरिकों की मौत होगी। गाजा में अराजकता और गहरी होगी। इजरायल अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अलग-थलग पड़ सकता है। 

हमास ने कहा कि ये यरूशलम में अल-अक्सा मस्जिद को इस्राइल की तरफ से अपवित्र करने का बदला है। हमास ने कहा कि इस्राइली पुलिस ने अप्रैल 2023 में अल-अक्सा मस्जिद में ग्रेनेड फेंक इसे अपवित्र किया था। इस्राइली सेना लगातार हमास के ठिकानों पर हमले कर रही है और अतिक्रमण कर रही है। इस्राइली सेना हमारी महिलाओं पर हमले कर रही है। हमास के प्रवक्ता गाजी हमाद ने अरब देशों से अपील है कि इस्राइल के साथ अपने सभी रिश्तों को तोड़ दें। हमाद ने कहा कि इस्राइल एक अच्छा पड़ोसी और शांत देश कभी नहीं हो सकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *