दुनिया

Pakistan: बलूचिस्तान में पाकिस्तान के दूसरे सबसे बड़े नौसेना एयरबेस पर हमला

पाकिस्तान के अशांत बलूचिस्तान प्रांत में आतंकियों ने सोमवार रात तुर्बत अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट और नौसेना एयरबेस पर हमले का प्रयास किया। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, पाकिस्तानी सुरक्षा बलों ने नौसेना एयरबेस में हमले को नाकाम करते हुए चार आतंकियों को मार गिराया। वहीं, हमले में सिद्दीक एयरबेस को कोई नुकसान नहीं पहुंचा है। अधिकारियों ने बताया कि जब आतंकियों ने बलूचिस्तान के तुर्बत जिले में नौसैनिक सुविधा में घुसने की कोशिश की तो उन्हें तुरंत पहचान लिया गया और मार दिया गया। हालांकि, पाकिस्तानी सेना ने इस घटना पर अभी कोई टिप्पणी नहीं की है।

शुरुआती रिपोर्ट में बताया गया था कि सोमवार की रात आतंकवादियों ने तुर्बत अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे (टीयूके) और पाकिस्तान के दूसरे सबसे नौसेना एयर स्टेशन पीएनएस सिद्दीक पर हमला कर दिया। दोनों सुविधाओं के पास भारी गोलीबारी और विस्फोट होने की सूचना थी। न्यूज एजेंसी एएनआई ने द बलूचिस्तान पोस्ट के हवाले से बताया कि तुर्बत में पाकिस्तान के दूसरे सबसे बड़े नौसैनिका हवाई स्टेशन पीएनएस सिद्दीक पर आतंकी हमला हुआ है। साथ ही क्षेत्र में कई विस्फोटों की सूचना मिली है। आतंकी हमले के बाद स्वास्थ्य अधिकारियों ने तुर्बत के अस्पतालों में इमरजेंसी घोषित कर दी है और सभी डॉक्टरों को तुरंत ड्यूटी पर आने के लिए कहा गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *