Udham Singh Nagar : चंपावत से चरस की खेप लेकर आया तस्कर गिरफ्तार

चंपावत जिले से चरस की तीसरी खेप लेकर पहुंचा तस्करी का एक आरोपी पुलिस के हत्थे चढ़ गया। उसके कब्जे से एक किलो दस ग्राम चरस बरामद हुई। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत रिपोर्ट दर्ज कर उसे कोर्ट में पेशी के बाद जेल भेज दिया। आरोपी अपने गांव से थोड़ी-थोड़ी चरस इकट्ठी करने के बाद यहां लाकर बेचता था।
रविवार को सीओ कार्यालय में पत्रकार वार्ता कर एसपी सिटी मनोज कुमार कत्याल ने बताया कि शनिवार को कोतवाली पुलिस, एसओजी और एएनटीएफ की टीम ने रामपुर हाइवे किनारे प्रीत विहार को जाने वाले रास्ते पर चेकिंग की। टीम को देखकर बाइक सवार ग्राम पचनाई पोस्ट अमोड़ी थाना लोहाघाट (चंपावत) निवासी शंकर सिंह भागने लगा। शक होने पर पुलिस ने उसे धर लिया। तलाशी में उसके बैग से एक किलो दस ग्राम चरस बरामद हुई। पुलिस ने कोतवाली लाकर आरोपी के खिलाफ 8/20/60 एनडीपीएस एक्ट के तहत रिपोर्ट दर्ज की।
