
आज देहरादून, टिहरी, पौड़ी और हरिद्वार जिलों में बिजली के साथ बारिश की संभावना जताई जा रही है। मौसम विभाग ने इन जिलों के लिए 6 जनवरी को येलो अलर्ट जारी किया है। इसके अलावा उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ में भी हल्की बारिश हो सकती है, जिससे इन इलाकों में तापमान में गिरावट आने की संभावना है।
पिछले कुछ दिनों से देहरादून समेत कई जिलों में मौसम साफ था, जिसके कारण तापमान में वृद्धि देखी गई थी। अब मौसम में बदलाव के बाद तापमान में करीब 4 डिग्री सेल्सियस की गिरावट हो सकती है। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, रविवार को देहरादून का अधिकतम तापमान 24.6 डिग्री और न्यूनतम तापमान 8.1 डिग्री सेल्सियस था। सोमवार को अधिकतम तापमान गिरकर 20.1 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है।