DEHRADUNउत्तराखंडक्राइम

विश्वासघात की वारदात: कुक ने फ्लैट से चुराए रुपये-गहने, सब जुए और नशे में खर्च

नेहरू कॉलोनी क्षेत्र के निलाय हिल्स अपार्टमेंट स्थित एक फ्लैट में हुई नकदी और जेवरात की चोरी का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। इस मामले में पुलिस ने एक आरोपित को गिरफ्तार किया है, जिसने चोरी के बाद जुए और नशे में पूरी रकम उड़ा दी थी। आरोपित का आपराधिक इतिहास भी सामने आया है और वह पहले भी जेल जा चुका है।

नेहरू कॉलोनी थानाध्यक्ष संजीत कुमार ने बताया कि निलाय हिल्स अपार्टमेंट निवासी सूरज सिंगल ने एक जनवरी को थाने में चोरी की शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि 28 दिसंबर की रात वह अपने मित्र के साथ भोजन करने बाहर गए थे। रात करीब 11 बजे जब वे वापस लौटे, तो फ्लैट की सीढ़ियों का शीशा टूटा हुआ मिला और कमरे की अलमारी खुली हुई थी।

जांच में सामने आया कि अलमारी से 2.75 लाख रुपये नकद, एक सोने की चेन, दो सोने की अंगूठियां, दो घड़ियां और सोने का एक ब्रेसलेट चोरी हो चुका था। शिकायतकर्ता ने अपने घरेलू कुक अमन पर शक जताया, जिसके आधार पर थाने में मुकदमा दर्ज किया गया।

पुलिस ने गुरुवार रात चेकिंग के दौरान आरोपित अमन कुमार निवासी राजेश रावत कॉलोनी, चंदर रोड, डालनवाला को गिरफ्तार कर लिया। आरोपित के कब्जे से एक हाथ घड़ी, सोने का ब्रेसलेट, 6,801 रुपये नकद और एक बाइक बरामद की गई। पूछताछ में खुलासा हुआ कि बाइक भी उसने डिफेंस कॉलोनी क्षेत्र से चोरी की थी।

पुलिस पूछताछ में आरोपित ने बताया कि वह नशे का आदी है और अपनी नशे की जरूरतें पूरी करने के लिए चोरी करता था। चोरी के बाद वह डालनवाला पहुंचा, जहां उसने कुछ रुपये नशे पर खर्च किए और बाकी जुए में हार गया। चोरी किए गए सामान को बेचने की योजना बना रहा था, लेकिन उससे पहले ही पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। आरोपित पहले भी चोरी के मामलों में जेल जा चुका है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *