
अमेरिका में एक हेलीकॉप्टर दुर्घटना में चार लोगों की मौत हो गई। उड़ान के दौरान हेलीकॉप्टर अचानक दुर्घटनाग्रस्त हो गया, जिसमें पायलट सहित तीन युवतियों की जान चली गई। मृतक महिलाओं की उम्र 21 और 22 वर्ष बताई जा रही है।
यह हादसा शुक्रवार सुबह करीब 11 बजे एरिजोना राज्य के पहाड़ी इलाके में हुआ। फीनिक्स से लगभग 103 किलोमीटर पूर्व स्थित टेलीग्राफ कैन्यन क्षेत्र में हेलीकॉप्टर के क्रैश होने की सूचना मिली। दुर्घटना में 59 वर्षीय पायलट और हेलीकॉप्टर में सवार तीनों महिलाओं की मौके पर ही मौत हो गई।
पिनाल काउंटी शेरिफ कार्यालय ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स के माध्यम से घटना की पुष्टि की है। अधिकारियों के अनुसार मृतकों में एक 59 वर्षीय पायलट, दो 21 वर्षीय महिलाएं और एक 22 वर्षीय महिला शामिल हैं। फिलहाल मृतकों की पहचान सार्वजनिक नहीं की गई है। दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है।