
उज्जैन जिले के तराना में भड़का सांप्रदायिक तनाव थमने का नाम नहीं ले रहा है। गुरुवार रात के बाद शुक्रवार दोपहर एक बार फिर हालात बिगड़ गए। बस स्टैंड क्षेत्र में अचानक पथराव शुरू हो गया और एक खड़ी बस को आग के हवाले कर दिया गया। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और भारी संख्या में पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।
पुलिस ने उपद्रव में शामिल लोगों के खिलाफ बीएनएस की धारा 163 के तहत मामला दर्ज किया है। अब तक 15 से 20 लोगों को हिरासत में लिया गया है। शुक्रवार दोपहर हुई हिंसा के सीसीटीवी फुटेज भी सामने आए हैं, जिनके आधार पर आरोपियों की पहचान कर उनकी तलाश की जा रही है।
बताया जा रहा है कि जब पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी यह मान रहे थे कि स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में आ गई है, तभी तकिया मोहल्ला क्षेत्र के बस स्टैंड पर 50 से 60 लोगों की भीड़ पहुंच गई और अचानक पथराव शुरू कर दिया। स्थानीय लोगों का आरोप है कि भीड़ में धर्म विशेष के लोग शामिल थे। इसके बाद दूसरे पक्ष के लोग भी सड़क पर उतर आए और दोनों समुदाय आमने-सामने आ गए।
स्थिति बिगड़ती देख पुलिस ने बीच-बचाव करने की कोशिश की, लेकिन इसी दौरान किसी अज्ञात व्यक्ति ने मौके पर खड़ी एक बस में आग लगा दी। आगजनी की घटना के बाद पूरे इलाके में तनाव फैल गया और सुरक्षा व्यवस्था और कड़ी कर दी गई है।