
उत्तराखंड के पर्वतीय क्षेत्रों में सोमवार को एक बार फिर मौसम करवट लेने वाला है। मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार उत्तरकाशी, चमोली, रुद्रप्रयाग, बागेश्वर और पिथौरागढ़ के कुछ हिस्सों में हल्की बारिश और बर्फबारी की संभावना जताई गई है। खासतौर पर 2800 मीटर से अधिक ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फ गिरने की प्रबल आशंका है, जबकि राज्य के मैदानी जिलों में मौसम शुष्क बने रहने का अनुमान है।
मौसम विभाग के अनुसार 29 जनवरी तक पर्वतीय क्षेत्रों में रुक-रुक कर हल्की बारिश और बर्फबारी होती रह सकती है। 30 जनवरी को पूरे प्रदेश में मौसम साफ रहने की संभावना है, लेकिन 31 जनवरी को एक बार फिर मौसम में बदलाव के संकेत दिए गए हैं।
बीते दिनों हुई बारिश और बर्फबारी के कारण प्रदेश में अभी भी दो बॉर्डर रोड, एक राज्यमार्ग, दो जिला मार्ग और कुल 31 सड़कें बंद हैं। इससे कई इलाकों में जनजीवन प्रभावित हो रहा है। राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र के मुताबिक सबसे अधिक असर देहरादून जिले में देखने को मिला है, जहां एक राज्यमार्ग, दो जिला मार्ग और 17 ग्रामीण सड़कें अभी भी अवरुद्ध हैं। पिथौरागढ़ में दो बॉर्डर रोड समेत तीन ग्रामीण मार्ग बंद हैं, जबकि टिहरी में दो और उत्तरकाशी में चार ग्रामीण मार्गों पर यातायात ठप है।
गंगोत्री हाईवे शुक्रवार की बर्फबारी के बाद तीसरे दिन भी पूरी तरह चालू नहीं हो पाया है। हालांकि यमुनोत्री हाईवे को रविवार को करीब 52 घंटे बाद खोल दिया गया। गढ़वाल क्षेत्र के 20 से अधिक ग्रामीण मार्ग अब भी बंद पड़े हैं। कई गांवों में बिजली आपूर्ति भी प्रभावित है। मौसम साफ होने के बाद रविवार को प्रशासन ने सड़कों को खोलने और बिजली बहाल करने के लिए दिनभर अभियान चलाया।