उत्तर प्रदेशक्राइम

यूपी मर्डर केस: ऑफिस में HR की बेरहमी से हत्या, सिर बैग में और शव पॉलीथिन में

उत्तर प्रदेश के आगरा जिले से एक सनसनीखेज हत्याकांड सामने आया है। 23 जनवरी की रात करीब एक बजे थाना एत्माद्दौला क्षेत्र के जवाहर पुल पर बोरे में बंद एक युवती का सिर कटा शव मिलने से हड़कंप मच गया था। बाद में मृतका की पहचान पार्वती विहार, टेढ़ी बगिया निवासी 25 वर्षीय मिंकी शर्मा के रूप में हुई, जो संजय प्लेस स्थित मारुति प्लाजा की छठी मंजिल पर एक निजी कंपनी में एचआर मैनेजर के पद पर कार्यरत थीं।

पुलिस ने महज 24 घंटे के भीतर इस हत्याकांड का खुलासा करते हुए मृतका के प्रेमी विनय राजपूत को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार विनय, ट्रांस यमुना कॉलोनी का निवासी है और उसी कंपनी में कंप्यूटर ऑपरेटर के तौर पर काम करता था। दोनों के बीच लंबे समय से प्रेम संबंध थे, लेकिन बीते छह महीनों से मिंकी किसी अन्य युवक से भी बातचीत करने लगी थी। इसी बात को लेकर विनय को शक हुआ और उसने हत्या की साजिश रच डाली।

परिजनों ने बताया कि मिंकी तीन बहनों में सबसे छोटी थी। उसके पिता अशोक शर्मा एक कोल्ड स्टोरेज में कार्यरत हैं। परिवार में दो बहनों की शादी हो चुकी है और छोटे भाई दीपक की 6 फरवरी को शादी तय है। मिंकी ने होटल मैनेजमेंट का कोर्स करने के बाद निजी कंपनी में नौकरी शुरू की थी।

घटना वाले दिन 23 जनवरी की दोपहर करीब दो बजे मिंकी घर से निकली थी। उसने परिजनों को बताया था कि वह भाई की शादी का कार्ड कूरियर करने जा रही है। इसके बाद वह वापस नहीं लौटी। देर रात उसका क्षत-विक्षत शव मिलने से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा।

फिलहाल पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है और हत्या में इस्तेमाल सामान की बरामदगी व पूरे घटनाक्रम की कड़ियां जोड़ने में जुटी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *