DEHRADUNउत्तराखंड

उत्तराखंड में बदला मौसम का मिज़ाज, देहरादून तर-बतर, केदारनाथ समेत पहाड़ों पर हिमपात

उत्तराखंड में मौसम ने एक बार फिर करवट ले ली है। राजधानी देहरादून में झमाझम बारिश से ठंड बढ़ गई है, वहीं केदारनाथ धाम समेत ऊंचाई वाले इलाकों में हो रही बर्फबारी से जनजीवन प्रभावित हो रहा है। मौसम विभाग ने प्रदेश के कई हिस्सों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।

केदारनाथ धाम में देर रात से पहाड़ों पर हल्की बर्फबारी जारी है। ज्योर्तिमठ क्षेत्र में भी मौसम का मिजाज बदला हुआ है। ऊंचाई वाले क्षेत्रों में लगातार हो रही बर्फबारी के कारण कड़ाके की ठंड पड़ रही है। मंगलवार को आसमान घने बादलों से घिर गया और रूपकुंड, नंदा घुघुटी व त्रिशूल की चोटियों पर लगातार हिमपात देखने को मिला।

मौसम विभाग ने 27 जनवरी को देहरादून में खराब मौसम की चेतावनी दी है। ऑरेंज अलर्ट के तहत तेज हवाओं के साथ भारी बारिश और बर्फबारी की संभावना जताई गई है। हालात को देखते हुए जिला प्रशासन ने एहतियातन देहरादून जिले के सभी स्कूलों को तत्काल प्रभाव से बंद रखने के निर्देश जारी किए हैं।

यह आदेश केवल देहरादून जिले में लागू रहेगा, अन्य जिलों में स्कूल सामान्य रूप से संचालित होंगे। प्रशासन ने अभिभावकों से अपील की है कि वे बच्चों को घर में सुरक्षित रखें और मौसम विभाग की आगामी चेतावनियों पर नजर बनाए रखें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *