Deprecated: Function WP_Dependencies->add_data() was called with an argument that is deprecated since version 6.9.0! IE conditional comments are ignored by all supported browsers. in /home1/theindi2/public_html/wp-includes/functions.php on line 6131
देहरादून में अर्जुन मर्डर केस: खून के रिश्ते बने दुश्मन, परिवार पर उठे साजिश के सवाल - The Indian Exposure

देहरादून में अर्जुन मर्डर केस: खून के रिश्ते बने दुश्मन, परिवार पर उठे साजिश के सवाल

देहरादून के अर्जुन हत्याकांड की जांच जैसे-जैसे आगे बढ़ रही है, मामला संपत्ति, पैसों के लेनदेन और पारिवारिक संबंधों के जटिल विवाद में उलझता जा रहा है।
हत्या के आरोपी विनोद उनियाल ने घटना से करीब दस दिन पहले, 2 फरवरी को, अर्जुन पर चेक में फर्जी हस्ताक्षर करने का आरोप लगाते हुए बसंत विहार थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। इस शिकायत पर पुलिस ने 3 फरवरी को प्राथमिकी दर्ज की थी।

अब मृतक अर्जुन की पत्नी अभिलाषा ने एक नई तहरीर देकर इस मामले को और गंभीर मोड़ दे दिया है। उन्होंने विनोद उनियाल, अर्जुन की मां बीना शर्मा सहित चार लोगों पर हत्या की साजिश रचने की आशंका जताई है। तहरीर में विनोद और बीना शर्मा के बीच नजदीकी संबंधों का भी उल्लेख किया गया है। प्रारंभिक जांच में यह भी सामने आया है कि अर्जुन का एक और भाई अतुल शर्मा भी है।

अर्जुन के पिता रमेश चंद शर्मा भारतीय सेना में कर्नल के पद पर कार्यरत थे और लगभग 38 वर्ष पूर्व सेवा के दौरान बलिदान हो गए थे। उस समय अर्जुन और अतुल दोनों नाबालिग थे। शहीद कर्नल रमेश चंद शर्मा की पत्नी बीना शर्मा को सरकार की ओर से आजीविका के लिए गैस एजेंसी आवंटित की गई थी, जो देहरादून स्थित पैतृक संपत्ति में पिछले 37 वर्षों से संचालित हो रही है।

इस संपत्ति को लेकर शर्मा परिवार ने बैंक ऑफ बड़ौदा से करीब आठ करोड़ रुपये का ऋण लिया था, जिसमें अर्जुन शर्मा गवाह और गारंटर थे। इसी दौरान बीना शर्मा की विनोद उनियाल और उसकी पत्नी संगीता उनियाल से नजदीकियां बढ़ीं। आरोप है कि बीना ने विनोद को कई बार बड़ी रकम दी, जिसको लेकर अर्जुन और उसकी मां के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था।

वर्ष 2024 में बीना शर्मा ने अर्जुन के खिलाफ मारपीट का मुकदमा दर्ज कराया था। इसके जवाब में अर्जुन ने 2025 में गैस गोदाम की संपत्ति के लेनदेन और धोखाधड़ी को लेकर अपनी मां बीना शर्मा, विनोद उनियाल और उसकी पत्नी संगीता उनियाल के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई थी।

बढ़ते विवाद और कथित खतरे को देखते हुए बीना शर्मा ने उच्च न्यायालय में सुरक्षा की मांग को लेकर रिट दायर की थी, जिसके बाद पिछले एक वर्ष से बसंत विहार थाने की एक महिला कांस्टेबल उनकी सुरक्षा में तैनात है।

इन सबके बीच अर्जुन और उसकी मां के संबंध लगातार खराब होते चले गए। अर्जुन का आरोप था कि विनोद उनियाल ने उसकी मां को अपने प्रभाव में लेकर करोड़ों रुपये हड़प लिए हैं। वहीं, विनोद उनियाल ने भी अर्जुन के खिलाफ बसंत विहार थाने में शिकायत दर्ज कराई थी।

अब अर्जुन की हत्या के बाद यह पूरा मामला पारिवारिक साजिश, संपत्ति विवाद और आपसी रंजिश के गंभीर आरोपों के बीच जांच के केंद्र में है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home1/theindi2/public_html/wp-includes/functions.php on line 5481