
राजधानी देहरादून में आपराधिक घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं। शुक्रवार सुबह राजपुर रोड स्थित सिल्वर सिटी कॉम्प्लेक्स के पास उस समय सनसनी फैल गई, जब जिम से बाहर निकल रहे एक युवक को सिर में गोली मार दी गई। गोली लगते ही युवक की मौके पर ही मौत हो गई।
मृतक की पहचान विक्रम शर्मा के रूप में हुई है, जो प्रॉपर्टी और खनन कारोबार से जुड़ा बताया जा रहा है। घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल बन गया। बताया जा रहा है कि हमलावर पैदल आया था और वारदात को अंजाम देने के बाद मौके से फरार हो गया।
राजधानी में लगातार हो रही फायरिंग की घटनाओं से आमजन में भय व्याप्त है। शुक्रवार सुबह कारोबारी की हत्या की खबर मिलते ही दून एक बार फिर सहम उठा। यह घटना पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर रही है।
गौरतलब है कि इससे महज तीन दिन पहले 11 फरवरी को तिब्बती मार्केट के बाहर दिनदहाड़े कारोबारी अर्जुन शर्मा की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। अज्ञात हमलावरों द्वारा जिस बेखौफ अंदाज में वारदात को अंजाम दिया गया, उसने इलाके में अफरातफरी मचा दी थी।
लगातार हो रही इन घटनाओं ने साफ कर दिया है कि बदमाशों के हौसले बुलंद हैं और वे सरेआम हत्याएं कर पुलिस प्रशासन को खुली चुनौती दे रहे हैं।