DEHRADUNउत्तराखंड

Weather : कल से मौसम में बदलाव, बारिश और बर्फबारी संभव

उत्तराखंड के पर्वतीय जिलों में एक बार फिर मौसम करवट लेने जा रहा है। मौसम विज्ञान केंद्र की ओर से जारी ताजा पूर्वानुमान के मुताबिक मंगलवार, 17 फरवरी से पहाड़ी क्षेत्रों में मौसम में बदलाव देखने को मिल सकता है। इस दौरान उत्तरकाशी, चमोली, रुद्रप्रयाग, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जिलों में हल्की बारिश और बर्फबारी के आसार जताए गए हैं।

मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश के 3000 मीटर से अधिक ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी की संभावना अधिक है, जबकि मैदानी और अन्य क्षेत्रों में मौसम शुष्क बना रहेगा। 18 फरवरी को भी मौसम का रुख लगभग ऐसा ही रहने की उम्मीद है। इसके बाद 19 से 21 फरवरी तक पूरे प्रदेश में मौसम साफ और शुष्क रहने का अनुमान है।

मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि पहाड़ी इलाकों में होने वाले इस बदलाव का तापमान पर कोई खास असर नहीं पड़ेगा और ठंड में बड़ी गिरावट देखने को नहीं मिलेगी।

वहीं, रविवार को मैदान से लेकर पहाड़ तक खिली तेज धूप ने लोगों को गर्मी का अहसास कराया। आंकड़ों के मुताबिक देहरादून में दिन का अधिकतम तापमान सामान्य से चार डिग्री अधिक 26.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि रात का न्यूनतम तापमान भी सामान्य से दो डिग्री बढ़कर 11.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ। प्रदेश के अन्य इलाकों में भी मौसम का मिजाज कुछ इसी तरह बना रहा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *