Deprecated: Function WP_Dependencies->add_data() was called with an argument that is deprecated since version 6.9.0! IE conditional comments are ignored by all supported browsers. in /home1/theindi2/public_html/wp-includes/functions.php on line 6131
देहरादून में गैस की किल्लत: बुकिंग बंद, गोदामों पर सिलिंडर लेने वालों की भीड़ - The Indian Exposure

देहरादून में गैस की किल्लत: बुकिंग बंद, गोदामों पर सिलिंडर लेने वालों की भीड़

ईरान में जारी युद्ध का असर अब देहरादून की रसोई तक पहुंचता दिखाई दे रहा है। राजधानी दून में रसोई गैस की भारी किल्लत देखने को मिल रही है। हालात ऐसे हैं कि गैस एजेंसियों और गोदामों के बाहर सिलिंडर लेने के लिए लोगों की लंबी लाइनें लग रही हैं, लेकिन इसके बावजूद कई उपभोक्ताओं को गैस नहीं मिल पा रही है।

प्रशासन की ओर से दावा किया जा रहा है कि गैस की आपूर्ति सामान्य है और उपभोक्ताओं को घर-घर सिलिंडर की डिलीवरी की जा रही है। हालांकि जमीनी स्थिति इससे अलग नजर आ रही है। कई उपभोक्ताओं का कहना है कि वे मोबाइल से गैस बुकिंग ही नहीं कर पा रहे हैं, क्योंकि बुकिंग नंबर पर कॉल ही कनेक्ट नहीं हो रही है।

बुधवार को देहरादून के कई गैस गोदामों और एजेंसियों के बाहर उपभोक्ताओं की लंबी कतारें लगी रहीं। लोग सुबह से ही बुकिंग के लिए फोन मिलाते रहे, लेकिन अधिकांश लोगों की बुकिंग नहीं हो सकी। जिन उपभोक्ताओं ने पहले से बुकिंग करा रखी थी, वे भी इस असमंजस में एजेंसी पहुंच गए कि उन्हें सिलिंडर मिलेगा या नहीं।

नया गांव स्थित इंडेन गैस एजेंसी पर सुबह से ही उपभोक्ताओं की भीड़ लग गई। सुबह आठ बजे से लेकर दोपहर बाद तक लोग लाइन में खड़े रहे। एजेंसी द्वारा करीब 320 उपभोक्ताओं को सिलिंडर वितरित किए गए, लेकिन इसके बाद स्टॉक खत्म हो गया।

सिलिंडर खत्म होने के कारण 60 से अधिक उपभोक्ताओं को बिना गैस लिए ही वापस लौटना पड़ा। यही स्थिति शहर की अन्य कई गैस एजेंसियों पर भी देखने को मिली। पिछले कुछ दिनों से बुकिंग सिस्टम में लगातार दिक्कत आ रही है। लोग बार-बार बुकिंग नंबर पर कॉल कर रहे हैं, लेकिन कॉल कनेक्ट नहीं हो रही।

इस स्थिति से उपभोक्ताओं में चिंता बढ़ गई है और लोग गैस एजेंसियों के चक्कर लगाने को मजबूर हैं। लोगों का कहना है कि जब बुकिंग ही नहीं हो पा रही है, तो उन्हें गैस सिलिंडर कैसे मिलेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home1/theindi2/public_html/wp-includes/functions.php on line 5481