
देहरादून में सतर्कता अधिष्ठान (विजिलेंस) की टीम ने भ्रष्टाचार के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करते हुए बिजली विभाग के एक जूनियर इंजीनियर को ₹80,000 की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ पकड़ लिया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, आरोपी अवर अभियंता अतुल कुमार, जो पथरी बाग स्थित 33/11 केवी बिजलीघर में तैनात था, एक उपभोक्ता से उसकी पत्नी के नाम पर खरीदे गए अपार्टमेंट में नया बिजली कनेक्शन जारी करने और विद्युत भार बढ़ाने के बदले अवैध धनराशि की मांग कर रहा था।
इस संबंध में शिकायतकर्ता ने विजिलेंस में शिकायत दर्ज कराई, जिसके बाद टीम ने मामले की पुष्टि करते हुए सुनियोजित तरीके से ट्रैप ऑपरेशन की योजना बनाई।
कार्रवाई के दौरान विजिलेंस टीम ने अतुल कुमार को शिकायतकर्ता से ₹80,000 की रिश्वत लेते हुए मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया। इसके बाद टीम ने मौके से आवश्यक साक्ष्य एकत्र कर आरोपी को हिरासत में ले लिया।