
आगामी चारधाम यात्रा को सुरक्षित और व्यवस्थित बनाने के उद्देश्य से परिवहन विभाग ने अपनी तैयारियों को तेज कर दिया है। यात्रा में शामिल होने वाले व्यावसायिक सवारी वाहनों के लिए ग्रीन कार्ड जारी करने की प्रक्रिया 23 मार्च से शुरू की जाएगी।
एआरटीओ कार्यालय में 23 मार्च को सुबह 11 बजे से ग्रीन कार्ड बनाने का कार्य औपचारिक रूप से आरंभ होगा। एआरटीओ रावत सिंह कटारिया के अनुसार, चारधाम यात्रा मार्ग पर संचालित होने वाले सभी व्यावसायिक वाहनों के लिए ग्रीन कार्ड अनिवार्य कर दिया गया है।
उन्होंने स्पष्ट किया कि बिना ग्रीन कार्ड के किसी भी वाहन को यात्रा मार्ग पर चलने की अनुमति नहीं मिलेगी। वाहन स्वामी और चालक 23 मार्च से सभी कार्य दिवसों में अपने वाहनों का निरीक्षण कराकर, आवश्यक वैध दस्तावेजों के साथ निर्धारित स्थान पर पहुंचकर ग्रीन कार्ड प्राप्त कर सकते हैं।