
भारतीय किसान यूनियन के राष्ट्रीय प्रवक्ता राकेश टिकैत शुक्रवार को बड़ी संख्या में किसानों के साथ देहरादून की ओर कूच करने जा रहे हैं। उनका यह कार्यक्रम हाल ही में हुए दिव्यांशु हत्याकांड के आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई और सख्त सजा की मांग को लेकर है।
टिकैत ने जानकारी दी कि वे सुबह करीब 11 बजे किसानों के साथ आशारोड़ी पहुंचेंगे। उन्होंने कहा कि देहरादून में छात्रों के खिलाफ बढ़ती आपराधिक घटनाएं चिंता का विषय हैं। दिव्यांशु जाटराणा मामले का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि जिस तरह छात्रों के एक समूह पर आत्महत्या के लिए मजबूर करने के आरोप लगे हैं, उससे युवाओं में असुरक्षा की भावना बढ़ रही है।
इधर, पुलिस प्रशासन भी पूरी तरह सतर्क है। एसएसपी प्रमेंद्र डोबाल के अनुसार, आशारोड़ी में बैरिकेडिंग कर किसानों को आगे बढ़ने से रोका जाएगा। वहीं, अधिकारियों द्वारा मौके पर ही किसानों से ज्ञापन लिया जाएगा। इस पूरे कार्यक्रम को देखते हुए सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं।