
इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा पर बुधवार को एक बड़ा हादसा टल गया, जब टैक्सीइंग के दौरान दो विमानों के बीच टक्कर जैसी स्थिति बन गई। स्पाइसजेट का विमान रनवे की ओर बढ़ रहा था, तभी उसका विंगलेट अकासा एयर के विमान से टकरा गया।
इस घटना में दोनों विमानों को नुकसान पहुंचा है। स्पाइसजेट के B737-700 विमान का दाहिना विंगलेट दूसरे विमान से टकराया, जिससे अकासा एयर के विमान के लेफ्ट हैंड हॉरिजॉन्टल स्टेबलाइजर को भी क्षति हुई। हालांकि, राहत की बात यह रही कि इस दौरान सभी यात्री और क्रू सदस्य पूरी तरह सुरक्षित रहे।
बताया जा रहा है कि 16 अप्रैल 2026 को दिल्ली से हैदराबाद के लिए रवाना होने वाली अकासा एयर की फ्लाइट QP 1406 को तकनीकी और परिचालन कारणों के चलते वापस बे पर लौटना पड़ा। शुरुआती जानकारी के अनुसार, जब अकासा का विमान खड़ा था, उसी दौरान दूसरे विमान के संपर्क में आने से यह घटना हुई।
फिलहाल मामले की तकनीकी जांच जारी है और दोनों विमानों को हुए नुकसान का आकलन किया जा रहा है।