
दिल्ली के नजफगढ़ इलाके में केंद्रीय खाद्य सुरक्षा अधिकारियों, Food Safety and Standards Authority of India के उत्तरी क्षेत्रीय कार्यालय और स्थानीय पुलिस ने संयुक्त रूप से बड़ी कार्रवाई करते हुए एक अवैध वितरण नेटवर्क का भंडाफोड़ किया है। टीम ने गौरव वत्स न्यूट्रिशन नामक प्रतिष्ठान पर छापा मारकर उसे सील कर दिया, जहां बिना लाइसेंस प्रतिबंधित पदार्थों और एक्सपायर्ड हेल्थ सप्लीमेंट्स का कारोबार किया जा रहा था।
जांच में सामने आया कि यह केंद्र Drugs and Cosmetics Act, 1940 और Food Safety and Standards Act, 2006 के तहत आवश्यक लाइसेंस के बिना संचालित हो रहा था। यहां परफॉर्मेंस बढ़ाने वाले प्रतिबंधित पदार्थों के साथ-साथ एक्सपायर्ड सप्लीमेंट्स की अवैध सप्लाई की जा रही थी।
यह कार्रवाई National Anti-Doping Agency (NADA) और युवा मामले एवं खेल मंत्रालय से मिले अलर्ट के आधार पर की गई। संयुक्त टास्क फोर्स ने मौके से बड़ी मात्रा में अवैध सामग्री जब्त कर पूरे परिसर को सील कर दिया है।
फिलहाल मामले की विस्तृत जांच जारी है। अधिकारियों का कहना है कि यह अभियान खेलों में डोपिंग और असुरक्षित सप्लीमेंट्स के खिलाफ चलाए जा रहे सख्त अभियान का हिस्सा है, जिसमें आगे भी इसी तरह की कार्रवाई जारी रहेगी।