
उत्तराखंड में लगातार पड़ रही भीषण गर्मी के बीच अब मौसम के तेवर बदलने वाले हैं। शनिवार को प्रदेश के नौ जिलों में मौसम में बदलाव देखने को मिलेगा, जहां बारिश के साथ तेज अंधड़ की संभावना जताई गई है।
मौसम विभाग के अनुसार उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ में कुछ जगहों पर हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। वहीं, 4400 मीटर से अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी के भी आसार हैं, जिससे पहाड़ी इलाकों में ठंडक बढ़ सकती है।
मौसम विज्ञान केंद्र के निदेशक सीएस तोमर ने जानकारी दी कि मैदानी जिलों में फिलहाल मौसम शुष्क रहने की संभावना है। हालांकि देहरादून, टिहरी, अल्मोड़ा, नैनीताल समेत कई जिलों में कहीं-कहीं गर्जन के साथ बिजली चमकने और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने का अलर्ट जारी किया गया है।
ऐसे में लोगों को बदलते मौसम के बीच सतर्क रहने की सलाह दी गई है।