Uttarakhandअन्यब्रेकिंग

हवा में लटकी बोगी हटाना बना चुनौती: ऋषिकेश में उज्जैनी एक्सप्रेस बेपटरी, कई ट्रेनें प्रभावित

ऋषिकेश के योगनगरी रेलवे स्टेशन के पास खांडगांव क्षेत्र में उज्जैनी एक्सप्रेस की बोगियां पटरी से उतरने के बाद रेलवे प्रशासन के सामने बड़ा संकट खड़ा हो गया है। शंटिंग के दौरान हुए इस हादसे में एक बोगी ट्रैक से बाहर हवा में लटक गई, जिसे हटाने के लिए रेलवे की रेस्क्यू टीम रातभर मशक्कत करती रही। हादसे के बाद से ऋषिकेश-योगनगरी रेल मार्ग पर ट्रेनों की आवाजाही प्रभावित हो गई है और यात्रियों में भारी असमंजस की स्थिति बनी हुई है।

कई घंटों की मशक्कत के बाद बोगी का हिस्सा काटकर अलग

रेलवे इंजीनियरों ने घंटों तक चले रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद रात करीब 8:45 बजे क्षतिग्रस्त बोगी के एक हिस्से को काटकर अलग किया। इसके बाद बोगी का एक हिस्सा नीचे गिर गया, जबकि दूसरा हिस्सा अभी भी दूसरी बोगी से जुड़ा हुआ है। अब रेलवे की तकनीकी टीम दूसरे हिस्से को हटाने में जुटी हुई है। ऊंचाई पर बने ट्रैक और नीचे ढलान होने के कारण राहत कार्य बेहद चुनौतीपूर्ण बना हुआ है।

मौके पर पहुंचे मुरादाबाद मंडल के डीआरएम

घटना की गंभीरता को देखते हुए मुरादाबाद मंडल की डीआरएम भी मौके पर पहुंचीं और पूरे रेस्क्यू ऑपरेशन की निगरानी की। वहीं आरपीएफ सहायक कमांडेंट असलम मोहम्मद के नेतृत्व में सुरक्षा बलों ने लोगों को ट्रैक से दूर रखने का जिम्मा संभाला।

बाईपास मार्ग पर्यटन रूट होने के कारण बड़ी संख्या में लोग और पर्यटक मौके पर रुककर हादसे के वीडियो बनाते नजर आए, जिससे सड़क पर जाम जैसे हालात बन गए।

ट्रेनों की आवाजाही पर रोक, यात्री परेशान

रेस्क्यू कार्य के चलते फिलहाल ट्रैक पर ट्रेनों की आवाजाही रोक दी गई है। योगनगरी स्टेशन आने वाली ट्रेनों को पुराने ऋषिकेश स्टेशन पर रोका जा रहा है।

  • योगा एक्सप्रेस, जिसे दोपहर 12:30 बजे योगनगरी पहुंचना था, उसके संचालन को लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं हो सकी है।
  • योगनगरी एक्सप्रेस, जिसका रवाना होने का समय दोपहर 2:55 बजे है, उसके संचालन पर भी अंतिम फैसला नहीं लिया गया है।

रेलवे प्रशासन लगातार हालात पर नजर बनाए हुए है, लेकिन फिलहाल यात्रियों को इंतजार और अनिश्चितता का सामना करना पड़ रहा है।

“सोमेश्वर महादेव ने बचा लिया बड़ा हादसा”

घटनास्थल के पास खांडगांव में घनी आबादी बसी हुई है। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि ट्रेन आबादी की ओर बढ़ जाती तो बड़ा हादसा हो सकता था। क्षेत्रवासियों ने इसे भगवान सोमेश्वर महादेव की कृपा बताया।

घटना स्थल से कुछ दूरी पर स्थित सोमेश्वर महादेव मंदिर का जिक्र करते हुए खांडगांव निवासी और पूर्व महापौर अनीता ममगाईं ने कहा कि हादसे की तेज आवाज सुनकर पूरा क्षेत्र दहशत में आ गया था। लोग पूरी रात भय के कारण सो नहीं पाए। उन्होंने कहा कि “भगवान सोमेश्वर महादेव की कृपा से एक बड़ा हादसा टल गया।”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *