Deprecated: Function WP_Dependencies->add_data() was called with an argument that is deprecated since version 6.9.0! IE conditional comments are ignored by all supported browsers. in /home1/theindi2/public_html/wp-includes/functions.php on line 6131
नोएडा में दहेज की बलि चढ़ी एक और बेटी: विवाहिता दीपिका की संदिग्ध मौत, शरीर पर मिले चोटों के कई निशान - The Indian Exposure

नोएडा में दहेज की बलि चढ़ी एक और बेटी: विवाहिता दीपिका की संदिग्ध मौत, शरीर पर मिले चोटों के कई निशान

ग्रेटर नोएडा के जलपुरा गांव में दहेज की मांग ने एक और नवविवाहिता की जान ले ली। मृतका दीपिका नागर की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत के बाद परिवार ने ससुराल पक्ष पर हत्या का गंभीर आरोप लगाया है। पुलिस ने पति और ससुर को गिरफ्तार कर दहेज हत्या का मामला दर्ज कर लिया है, जबकि अन्य आरोपितों की तलाश जारी है।

परिजनों के मुताबिक, दीपिका की शादी 11 दिसंबर 2024 को जलपुरा निवासी ऋतिक के साथ हुई थी। पिता संजय नागर ने आरोप लगाया कि शादी में करीब एक करोड़ रुपये खर्च करने के बावजूद ससुराल पक्ष लगातार फॉर्च्यूनर कार और 50 लाख रुपये नकद की मांग कर रहा था। मांग पूरी न होने पर दीपिका को मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित किया जाता था।

घटना से एक दिन पहले भी दीपिका के साथ मारपीट की गई थी। रविवार सुबह उसने अपने पिता को फोन कर रोते हुए बताया था कि पति, सास-ससुर और अन्य परिवारजन उसे दहेज के लिए प्रताड़ित कर रहे हैं। पिता उसी दिन बेटी के ससुराल पहुंचे और परिवार को समझाने का प्रयास किया, लेकिन रात करीब 12:30 बजे उन्हें सूचना मिली कि दीपिका गंभीर हालत में अस्पताल ले जाई गई है।

जब परिवार शारदा अस्पताल पहुंचा, तब तक दीपिका की मौत हो चुकी थी। परिजनों ने आरोप लगाया कि दीपिका के पेट, हाथ, पैरों और शरीर के कई हिस्सों पर चोटों के छह से आठ गहरे निशान थे। उनका दावा है कि पहले बेरहमी से पिटाई की गई और बाद में उसे चौथी मंजिल से फेंककर हत्या कर दी गई। वहीं ससुराल पक्ष इसे आत्महत्या बताकर छत से कूदने की बात कह रहा है।

फिलहाल पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत का स्पष्ट कारण सामने नहीं आया है, जिसके चलते पुलिस ने बिसरा सुरक्षित रख लिया है। मामले में पति ऋतिक, ससुर मनोज, सास पूनम, ननद नेहा, तन्नी, प्रमोद और विनोद के खिलाफ दहेज हत्या समेत गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है।

पुलिस के अनुसार मृतका बीएड पास थी, जबकि आरोपी पति बीए-एलएलबी का छात्र है। जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपित परिवार इलाके में दबंग प्रवृत्ति का माना जाता है और उनके तीन स्कूल संचालित हैं।

⚖️ इस घटना ने एक बार फिर दहेज प्रथा की भयावह सच्चाई को उजागर कर दिया है, जहां शादी के कुछ महीनों बाद ही एक बेटी की जिंदगी खत्म हो गई। परिवार ने प्रशासन से निष्पक्ष जांच और सभी आरोपितों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home1/theindi2/public_html/wp-includes/functions.php on line 5481