उत्तराखंड कांग्रेस में अनुशासनहीनता पर बड़ा एक्शन: तीन नेताओं को कारण बताओ नोटिस, पिथौरागढ़ जिला महिला कांग्रेस कमेटी भंग

परिवर्तन संकल्प सम्मेलन के दौरान मंच पर हुई अभद्रता पर सख्त कार्रवाई, तीन दिन में मांगा गया जवाब।उत्तराखंड कांग्रेस में अनुशासनहीनता के मामले पर पार्टी ने कड़ा रुख अपनाया है। पिथौरागढ़ में आयोजित ‘परिवर्तन संकल्प सम्मेलन’ के दौरान मंच पर हुई अभद्रता और अनुशासनहीनता की घटना को प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने गंभीरता से लेते हुए तत्काल कार्रवाई की है।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल की मौजूदगी में आयोजित इस सम्मेलन के दौरान मंच पर हुए घटनाक्रम के बाद पार्टी नेतृत्व ने अनुशासन बनाए रखने के उद्देश्य से तीन नेताओं को कारण बताओ नोटिस जारी किया है। सभी संबंधित नेताओं को तीन दिनों के भीतर अपना लिखित स्पष्टीकरण देने के निर्देश दिए गए हैं।
प्रदेश कांग्रेस के महामंत्री (संगठन) राजेंद्र सिंह भंडारी ने बताया कि प्रदेशभर में कांग्रेस द्वारा परिवर्तन संकल्प सम्मेलन आयोजित किए जा रहे हैं। पिथौरागढ़ सम्मेलन के दौरान हुई घटना पार्टी की अनुशासन व्यवस्था के विपरीत थी, इसलिए तत्काल कार्रवाई करना आवश्यक समझा गया।
कारण बताओ नोटिस पाने वालों में कांग्रेस के पूर्व जिलाध्यक्ष महेंद्र सिंह लुंठी, जिला महिला कांग्रेस अध्यक्ष भावना नगरकोटी और पार्टी नेता दीपक लुंठी शामिल हैं। पार्टी ने तीनों से तीन दिन के भीतर जवाब देने को कहा है।
इसी मामले में महिला कांग्रेस ने भी अलग से कार्रवाई करते हुए बड़ा फैसला लिया है। महिला कांग्रेस की प्रदेश अध्यक्ष ज्योति रौतेला ने जिला महिला कांग्रेस अध्यक्ष भावना नगरकोटी को तत्काल प्रभाव से पदमुक्त कर दिया है। साथ ही पिथौरागढ़ जिला महिला कांग्रेस कमेटी को भी तत्काल प्रभाव से भंग कर दिया गया है।
कांग्रेस का कहना है कि पार्टी में अनुशासन सर्वोपरि है और किसी भी स्तर पर अनुशासनहीनता या अभद्र व्यवहार को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। संगठन ने स्पष्ट संदेश दिया है कि भविष्य में भी ऐसी घटनाओं पर सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
