743 करोड़ की लागत से बनेगा भानियावाला–ऋषिकेश फोर-सिक्स लेन हाईवे, हाथियों की सुरक्षा के लिए बनेंगे 5 अंडरपास

देहरादून | राजधानी देहरादून, जॉलीग्रांट एयरपोर्ट और ऋषिकेश के बीच यातायात को तेज, सुरक्षित और सुगम बनाने के उद्देश्य से भानियावाला–जॉलीग्रांट–ऋषिकेश (एनएच-07) को फोर-सिक्स लेन में विकसित किया जाएगा। लगभग 20 किलोमीटर लंबी इस महत्वाकांक्षी परियोजना पर 743 करोड़ रुपये की लागत आएगी।
इस परियोजना की सबसे खास बात यह है कि सड़क चौड़ीकरण के साथ पर्यावरण संरक्षण और वन्यजीवों की सुरक्षा का भी विशेष ध्यान रखा जाएगा। हाथियों और अन्य वन्यजीवों की सुरक्षित आवाजाही सुनिश्चित करने के लिए हाईवे पर पांच विशेष अंडरपास बनाए जाएंगे, ताकि जंगल और सड़क के बीच उनका प्राकृतिक मार्ग बाधित न हो।
परियोजना के तहत पेड़ों की कटाई को न्यूनतम रखने के लिए सड़क के राइट ऑफ वे (Right of Way) को भी कम किया गया है। इससे पर्यावरण पर पड़ने वाले प्रभाव को कम करने में मदद मिलेगी।
इस हाईवे के निर्माण से देहरादून, जॉलीग्रांट एयरपोर्ट और ऋषिकेश के बीच यात्रा का समय घटेगा, ट्रैफिक जाम से राहत मिलेगी और पर्यटन, व्यापार तथा स्थानीय आवागमन को भी बड़ा लाभ मिलेगा।
