उत्तराखंड मौसम अपडेट: आज तेज बारिश का दौर, 10 जिलों में यलो अलर्ट

देहरादून। उत्तराखंड में मानसून एक बार फिर सक्रिय हो गया है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने शुक्रवार को प्रदेश के 10 जिलों में यलो अलर्ट जारी करते हुए कई स्थानों पर भारी बारिश, तेज गर्जना और आकाशीय बिजली गिरने की संभावना जताई है। मौसम विभाग ने लोगों से अनावश्यक यात्रा से बचने और मौसम संबंधी ताजा अपडेट पर नजर बनाए रखने की अपील की है।
मौसम विभाग के अनुसार देहरादून, हरिद्वार, टिहरी, पौड़ी, नैनीताल, चंपावत, ऊधम सिंह नगर, बागेश्वर, अल्मोड़ा और पिथौरागढ़ सहित कई जिलों में रुक-रुक कर तेज बारिश हो सकती है। कुछ स्थानों पर बारिश के साथ बिजली चमकने और तेज हवाएं चलने की भी संभावना है।
पिछले कुछ दिनों से प्रदेश में मानसून की गतिविधियां कमजोर थीं, लेकिन अब बंगाल की खाड़ी से मिल रही नमी और सक्रिय मानसूनी तंत्र के कारण बारिश का दौर फिर तेज होने की संभावना है। इससे तापमान में गिरावट आएगी, लेकिन पर्वतीय क्षेत्रों में भूस्खलन, चट्टान गिरने और सड़कें बाधित होने का खतरा भी बढ़ सकता है।
चारधाम यात्रा मार्गों, पहाड़ी सड़कों और नदी-नालों के आसपास विशेष सतर्कता बरतने की सलाह दी गई है। प्रशासन ने यात्रियों और स्थानीय लोगों से खराब मौसम के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचने तथा नदी-गदेरों के किनारे न जाने की अपील की है।
देहरादून और ऋषिकेश सहित मैदानी क्षेत्रों में दिनभर बादल छाए रहने, बीच-बीच में तेज बारिश और गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ने की संभावना है। अगले कुछ दिनों तक प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में मानसून सक्रिय रहने के संकेत हैं।
