DEHRADUNUttarakhandUttarakhandउत्तराखंडक्राइमदुनियाब्रेकिंग

देहरादून: नगर निगम कर्मचारी बनकर घर में घुसे बदमाश, बुजुर्ग महिला को बंधक बनाकर लूटा; 2 आरोपी गिरफ्तार

देहरादून: बुजुर्ग महिला को बंधक बनाकर लूटने वाले 2 शातिर गिरफ्तार, पड़ोसी ही निकला मास्टरमाइंड

राजधानी देहरादून के रायपुर क्षेत्र में बुजुर्ग महिला को बंधक बनाकर लूटपाट करने वाले दो शातिर बदमाशों को दून पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूटा गया शत-प्रतिशत सामान और नकदी भी बरामद कर ली है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सागर सिंह रावत और अंकित गुप्ता के रूप में हुई है।

नगर निगम कर्मचारी बनकर घर में घुसे

पुलिस के अनुसार, घटना 19 जुलाई की है। गढ़वाली कॉलोनी निवासी गीता काला ने थाना रायपुर में शिकायत दर्ज कराई कि उनकी मां भुवनेश्वरी देवी घर में अकेली थीं। इसी दौरान दो युवक खुद को नगर निगम का कर्मचारी बताकर घर में दाखिल हुए।

घर के अंदर पहुंचते ही दोनों ने बुजुर्ग महिला के साथ मारपीट की, उन्हें बंधक बना लिया और घर से सोने के कुंडल, सोने की अंगूठी, ₹3,000 नकद और वीवो कंपनी का मोबाइल फोन लूटकर फरार हो गए।

सीसीटीवी और मुखबिर तंत्र से पुलिस को मिली सफलता

घटना की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी देहरादून के निर्देश पर थाना रायपुर पुलिस की एक विशेष टीम गठित की गई। पुलिस ने आसपास के सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर तंत्र की मदद से दोनों आरोपियों को रायपुर के सीक्यूआई जंगल क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया।

पड़ोसी निकला वारदात का मास्टरमाइंड

जांच में सामने आया कि मुख्य आरोपी सागर सिंह रावत पीड़ित महिला के मोहल्ले का ही रहने वाला है। उसे पहले से जानकारी थी कि बुजुर्ग महिला अधिकतर समय घर में अकेली रहती हैं। इसी जानकारी का फायदा उठाकर उसने अपने साथी अंकित गुप्ता के साथ मिलकर पहले रेकी की और फिर योजनाबद्ध तरीके से वारदात को अंजाम दिया।

नशे की लत ने बनाया अपराधी

पुलिस पूछताछ में पता चला कि दोनों आरोपी पेशे से प्लंबर हैं और स्मैक सहित अन्य नशे के आदी हैं। नशे की लत पूरी करने के लिए उन्होंने लूट की साजिश रची और इस अपराध को अंजाम दिया।

शत-प्रतिशत बरामद हुआ लूटा गया सामान

पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से सोने के कुंडल, सोने की अंगूठी, वीवो कंपनी का मोबाइल फोन और ₹3,000 नकद बरामद कर लिया है। आरोपी इस सामान को बाजार में बेचने की फिराक में थे, लेकिन उससे पहले ही पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार कर लिया।

दून पुलिस ने लोगों, विशेषकर बुजुर्गों से अपील की है कि किसी भी व्यक्ति को केवल सरकारी कर्मचारी बताने पर घर में प्रवेश न दें। पहले उसकी पहचान और विभाग की पुष्टि अवश्य करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *