रायवाला में सांड का हमला: युवक गंभीर घायल, एम्स ऋषिकेश में भर्ती; आवारा मवेशियों पर कार्रवाई की उठी मांग

देहरादून: रायवाला क्षेत्र में आवारा सांड के हमले में स्थानीय युवक बजरंग गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल युवक को तत्काल एम्स ऋषिकेश में भर्ती कराया गया, जहां उसका उपचार जारी है।
जानकारी के अनुसार, शुक्रवार को हनुमान मंदिर के पास बजरंग ने दुकान के बाहर खड़े सांड को हटाने का प्रयास किया। इसी दौरान सांड अचानक उग्र हो गया और उसने युवक पर हमला कर दिया। हमले में बजरंग गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसके बाद उसे तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया।
स्थानीय ग्रामीणों का कहना है कि यह सांड पिछले कई दिनों से क्षेत्र में घूम रहा है और कई बार राहगीरों पर हमला कर चुका है। रायवाला क्षेत्र में बड़ी संख्या में निराश्रित मवेशी सड़कों पर घूमते रहते हैं, जिससे आए दिन सड़क दुर्घटनाएं और हमले जैसी घटनाएं सामने आती रहती हैं।
ग्रामीणों ने बताया कि कई बार ये मवेशी आपस में लड़ते हुए घरों और दुकानों तक में घुस जाते हैं, जिससे लोगों की सुरक्षा पर खतरा बना रहता है।
इस घटना के बाद प्रतीतनगर के ग्राम प्रधान राजेश जुगलान ने तहसील प्रशासन से क्षेत्र में घूम रहे निराश्रित मवेशियों को तत्काल गोशालाओं में भेजने और स्थायी समाधान निकालने की मांग की है।
