Udham Singh Nagar : पाैने दो करोड़ के एमडीएमए ड्रग के साथ तीन तस्कर पुलिस गिरफ्त में

पुलभट्टा पुलिस ने चेकिंग के दौरान बाइक सवार तीन तस्करों से करोड़ों के मूल्य का एमडीएमए ड्रग्स बरामद किया है। जानकारी के अनुसार आरोपी नशे की खेप को अंडमान निकोबार से लेकर आए थे।
बुधवार देर रात चेकिंग के दौरान शंकर फार्म कट के पास बाइक सवार तीन लोगों को 365 ग्राम एमडीएमए क्रिस्टल मेथ पार्टी ड्रग्स के साथ गिरफ्तार किया। तीनों ने अपना नाम दीपक गायन निवासी शिवनगर थाना ट्रांजिट कैंप रुद्रपुर, श्यामल मंडल निवासी ग्राम भरतपुर थाना न्यूरिया जिला पीलीभीत उत्तर प्रदेश और सुनील निवासी मोहल्ला तिलहर थाना तिलहर जिला शाहजहांपुर उत्तर प्रदेश हाल निवासी दानपुर थाना रुद्रपुर ऊधम सिंह नगर बताया।
तीनों आरोपियों को कोर्ट में पेशी के बाद जेल भेज दिया गया, जबकि बाइक को सीज किया गया है। इनके गदरपुर निवासी साथी शुभांकर विश्वास की तलाश की जा रही है। अंतरराष्ट्रीय बाजार में बरामद माल की कीमत एक करोड़ 82 लाख बताई जा रही है। एसएसपी ने पुलिस टीम को ढाई हजार रुपये इनाम देने की घोषणा की है।
