अंकिता भंडारी केस में नया मोड़, अभिनेत्री उर्मिला सनावर ने नार्को टेस्ट के लिए जताई सहमति

अभिनेत्री उर्मिला सनावर का एक नया वीडियो बुधवार को सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। इस वीडियो में उर्मिला ने बताया कि अंकिता भंडारी हत्याकांड को लेकर उनसे पुलिस ने दोपहर 12 बजे से शाम 6 बजे तक पूछताछ की। उन्होंने कहा कि इस दौरान उन्होंने जांच में पूरा सहयोग किया और पूछे गए सभी सवालों के जवाब दिए। साथ ही उनके पास मौजूद सभी साक्ष्य भी पुलिस को सौंप दिए गए।
उर्मिला ने कहा कि अंकिता को न्याय मिलना बेहद जरूरी है, क्योंकि वह केवल एक परिवार की नहीं बल्कि पूरे देश की बेटी थी। उन्होंने साफ शब्दों में कहा कि यदि इस मामले में सच्चाई सामने लाने के लिए सीबीआई या किसी अन्य उच्च स्तरीय एजेंसी से जांच करानी पड़े, तो वह भी होनी चाहिए। उन्होंने यह भी कहा कि अगर जरूरत पड़ी तो वह नार्को टेस्ट कराने के लिए भी पूरी तरह तैयार हैं।
अभिनेत्री ने आरोप लगाया कि कुछ लोग जानबूझकर उनका नाम राजनीति से जोड़ने की कोशिश कर रहे हैं। कोई उन्हें कांग्रेस से जोड़ रहा है तो कोई भाजपा के अलग-अलग गुटों से। उर्मिला ने लोगों से अपील की कि अंकिता भंडारी जैसे गंभीर मामले में राजनीति न की जाए। उन्होंने कहा कि उनका एकमात्र उद्देश्य अंकिता को न्याय दिलाना है। हालांकि, सोशल मीडिया पर वायरल इस वीडियो की अमर उजाला पुष्टि नहीं करता है।उर्मिला सनावर आज हरिद्वार में एसआईटी प्रभारी के समक्ष पेश हो सकती हैं। इस दौरान नेहरू कॉलोनी और डालनवाला थानों में दर्ज दोनों प्राथमिकी के विवेचना अधिकारी भी मौजूद रहेंगे। एसएसपी अजय सिंह ने बताया कि उर्मिला को बुधवार को पूछताछ के लिए बुलाया गया था।
एसएसपी के अनुसार, उर्मिला ने पूछताछ के दौरान सुरेश राठौर के साथ हुई बातचीत की ऑडियो क्लिप जांच अधिकारियों को सौंपी है, जिसे वैज्ञानिक परीक्षण के लिए भेजा जाएगा। वहीं, उर्मिला द्वारा अपनी सुरक्षा को लेकर दिए गए प्रार्थनापत्र पर एलआईयू से विस्तृत रिपोर्ट मांगी गई है।
गौरतलब है कि एक के बाद एक चार प्राथमिकी दर्ज होने के बाद उर्मिला कुछ समय के लिए शांत हो गई थीं और उन्होंने अपना फोन भी बंद कर लिया था। मंगलवार को अचानक उनकी एक सोशल मीडिया पोस्ट वायरल हुई, जिसमें उन्होंने उत्तराखंड आने और अंकिता भंडारी हत्याकांड से जुड़े साक्ष्य एसआईटी को सौंपने की बात कही थी।
उर्मिला स्वामी दर्शन भारती के साथ मंगलवार रात करीब नौ बजे देहरादून पहुंचीं। इस दौरान कई जगह मीडिया ने उनसे संपर्क भी किया। सूत्रों के मुताबिक, सुबह होते ही उन्हें पूछताछ के लिए बुला लिया गया। पूछताछ के दौरान उनसे मामले से जुड़े कई सवाल किए गए और उनके पास मौजूद ऑडियो व वीडियो सामग्री की प्रतियां पुलिस ने अपने कब्जे में ले ली हैं।
