आग की चपेट में सुभाष नगर, टेंट-शामियाना गोदाम से रिहायशी घरों तक फैली आग

देहरादून के सुभाष नगर इलाके में उस समय हड़कंप मच गया, जब एक खाली प्लॉट में रखे टेंट और शामियाने के सामान में अचानक भीषण आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि उसकी लपटें आसपास स्थित रिहायशी मकानों तक पहुंच गईं, जिससे क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
घटना में राहत की बात यह रही कि किसी भी प्रकार की जनहानि नहीं हुई। सूचना मिलते ही फायर कंट्रोल रूम से दमकल की टीमें तत्काल मौके पर रवाना की गईं। काफी घंटों की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका।
जानकारी के अनुसार, यह आग क्लेमेनटाउन क्षेत्र के सुभाष नगर में स्थित एक प्लॉट में लगी, जहां नरेन्द्र टेंट हाउस के टेंट व शामियाने का सामान रखा गया था। टेंट हाउस के मालिक नरेन्द्र कुमार (पुत्र शिव प्रसाद) बताए जा रहे हैं। मौके पर पहुंची फायर टीम ने देखा कि आग रिहायशी घरों की ओर बढ़ रही थी।
आग की चपेट में फोल्डिंग टेबल, बर्तन, टेंट, भट्टियां, मैट, रजाई और गद्दे सहित अन्य सामान जलकर खाक हो गया। दमकल कर्मियों ने करीब 30 हजार लीटर पानी का उपयोग कर कई घंटों में आग को फैलने से रोका और स्थिति को नियंत्रण में लिया।
