DEHRADUNUttarakhandUttarakhandअन्यउत्तराखंडदुनियाब्रेकिंगराज्यस्पेशल

उत्तराखंड में अगले 3 घंटे भारी बारिश का अलर्ट, केदारनाथ हाईवे पर मलबा आने से यातायात ठप; पड़ावों पर रोके गए यात्री

देहरादून: उत्तराखंड में लगातार हो रही बारिश के बीच कई इलाकों में भूस्खलन और सड़कें बाधित होने से लोगों की परेशानी बढ़ गई है। रुद्रप्रयाग जिले में मलबा आने के कारण केदारनाथ राजमार्ग बाधित हो गया है। मार्ग बंद होने के चलते जिला प्रशासन ने केदारनाथ धाम जाने वाले यात्रियों को फिलहाल विभिन्न पड़ावों पर ही रोक दिया है।

बारिश के कारण पहाड़ी क्षेत्रों में लगातार भूस्खलन का खतरा बना हुआ है। प्रशासन और संबंधित विभागों की ओर से मार्गों को खोलने के लिए आवश्यक कार्रवाई की जा रही है। यात्रियों की सुरक्षा को देखते हुए उन्हें स्थिति सामान्य होने तक सुरक्षित स्थानों पर रहने की सलाह दी जा रही है।

देहरादून में मकान पर गिरा पेड़

वहीं राजधानी देहरादून में भी बारिश के चलते हादसा सामने आया। परेड ग्राउंड के समीप तुसात फंक्शन हॉल के पास एक पेड़ मकान की टीन शेड पर गिर गया। बारिश के बीच पेड़ गिरने से आसपास के क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

अगले 3 घंटे मौसम रहेगा खराब

मौसम विभाग ने अगले तीन घंटों के दौरान उत्तराखंड के कुछ स्थानों पर मध्यम वर्षा की संभावना जताई है। वहीं कहीं-कहीं गर्जन के साथ आकाशीय बिजली चमकने और बारिश के तीव्र से अति तीव्र दौर की आशंका भी जताई गई है।

मौसम विभाग के अनुसार नैनीताल, चंपावत, देहरादून, रुद्रप्रयाग, चमोली और बागेश्वर जिलों में कहीं-कहीं भारी बारिश हो सकती है। इन जिलों के लिए यलो अलर्ट जारी किया गया है।

यात्रियों से सावधानी बरतने की अपील

लगातार बारिश और भूस्खलन की आशंका को देखते हुए यात्रियों और स्थानीय लोगों को संवेदनशील पहाड़ी मार्गों पर अनावश्यक यात्रा से बचने तथा प्रशासन के निर्देशों का पालन करने की सलाह दी गई है। विशेष रूप से केदारनाथ यात्रा पर जाने वाले यात्रियों से मार्ग खुलने और मौसम की स्थिति स्पष्ट होने तक सुरक्षित पड़ावों पर ही रुकने की अपील की गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *