DEHRADUNUttarakhandUttarakhandउत्तराखंडब्रेकिंगराज्य

उत्तराखंड में मौसम का यलो अलर्ट! देहरादून समेत 6 जिलों में भारी बारिश और आकाशीय बिजली की चेतावनी

देहरादून: उत्तराखंड में मौसम एक बार फिर करवट लेने जा रहा है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने शुक्रवार के लिए राज्य के कई हिस्सों में भारी बारिश, गरज-चमक और आकाशीय बिजली गिरने की संभावना जताते हुए यलो अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग ने लोगों से सतर्क रहने और अनावश्यक यात्रा से बचने की सलाह दी है।

मौसम विभाग के अनुसार देहरादून, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर, पिथौरागढ़ और नैनीताल जिलों में कहीं-कहीं भारी बारिश हो सकती है। इन जिलों में तेज गर्जना, बिजली चमकने और कुछ स्थानों पर अत्यधिक बारिश होने की संभावना है।

विशेष रूप से पर्वतीय क्षेत्रों में भूस्खलन, चट्टानें गिरने, सड़कें बाधित होने और नदियों-नालों का जलस्तर बढ़ने का खतरा बना हुआ है। ऐसे में चारधाम यात्रा मार्गों और पहाड़ी सड़कों पर यात्रा करने वाले लोगों को अतिरिक्त सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।

मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि पर्वतीय जिलों में कई स्थानों पर गरज-चमक के साथ तेज से अति तीव्र बारिश हो सकती है। वहीं, मैदानी इलाकों में भी कहीं-कहीं आकाशीय बिजली गिरने की आशंका है। लोगों से अपील की गई है कि बारिश के दौरान खुले मैदानों, खेतों, नदी-नालों के किनारे और ऊंचे पेड़ों के नीचे खड़े होने से बचें तथा सुरक्षित स्थानों पर ही रहें।

गुरुवार को भी राज्य के कई हिस्सों में दिनभर बादलों का डेरा बना रहा। सुबह से शाम तक कई स्थानों पर हल्की बारिश और बौछारें दर्ज की गईं। दिन में कुछ समय के लिए मौसम साफ हुआ, लेकिन शाम होते-होते फिर काले बादलों ने आसमान को ढक लिया, जिससे कई क्षेत्रों में बारिश का दौर शुरू हो गया।

प्रशासन ने स्थानीय अधिकारियों और आपदा प्रबंधन टीमों को अलर्ट मोड पर रहने के निर्देश दिए हैं। वहीं, नागरिकों से मौसम विभाग द्वारा जारी ताजा अपडेट पर नजर रखने और किसी भी आपात स्थिति में प्रशासन के दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *