ऋषिकेश में सैलानियों की बहार: होटल और कैंप हुए फुल, पर्यटन कारोबार ने पकड़ी रफ्तार

ऋषिकेश। ग्रीष्मकालीन अवकाश शुरू होते ही योग नगरी ऋषिकेश में पर्यटकों का भारी सैलाब उमड़ पड़ा है। चारधाम यात्रा के बीच अब समर वेकेशन मनाने पहुंचे पर्यटकों ने पर्यटन कारोबार में नई जान फूंक दी है। शहर के प्रमुख होटल, रिसॉर्ट और एडवेंचर कैंप पर्यटकों से पूरी तरह भर चुके हैं।
शनिवार को तपोवन, स्वर्गाश्रम, लक्ष्मणझूला और मुनिकीरेती क्षेत्र के अधिकांश होटलों में बुकिंग हाउसफुल रही। वहीं शिवपुरी, मोहनचट्टी और गंगा किनारे स्थित एडवेंचर कैंपों में भी पर्यटकों की भारी भीड़ देखने को मिली। रिवर राफ्टिंग, कैंपिंग और नेचर टूरिज्म का आनंद लेने के लिए देशभर से पर्यटक ऋषिकेश पहुंच रहे हैं।
चारधाम यात्रा के चलते पहले से ही तीर्थयात्रियों की भीड़ बनी हुई थी। अब उत्तराखंड सहित कई राज्यों में स्कूलों की गर्मी की छुट्टियां शुरू होने से पर्यटन गतिविधियों में और तेजी आ गई है। शनिवार सुबह से ही हरिद्वार और देहरादून मार्ग पर पर्यटक वाहनों का दबाव बढ़ गया। देर रात तक बड़ी संख्या में वाहन ऋषिकेश पहुंचते रहे।
पर्यटन व्यवसायियों का कहना है कि आने वाले सप्ताहों में पर्यटकों की संख्या और बढ़ने की संभावना है, जिससे स्थानीय होटल, रेस्टोरेंट, टैक्सी, राफ्टिंग और कैंपिंग व्यवसाय को बड़ा लाभ मिलेगा।
