कांवड़ मेले के दौरान सूचना आयोग की डिजिटल पहल, ऑनलाइन सुनवाई को मिली मंजूरी

देहरादून: कांवड़ मेला-2026 के दौरान हरिद्वार, ऋषिकेश और देहरादून मार्गों पर बढ़ते यातायात दबाव को देखते हुए उत्तराखंड सूचना आयोग ने आम नागरिकों की सुविधा के लिए बड़ा निर्णय लिया है। आयोग ने द्वितीय अपीलों और शिकायतों की सुनवाई के लिए हाइब्रिड व्यवस्था लागू करने का फैसला किया है।
नई व्यवस्था के तहत पक्षकार अपनी सुविधा के अनुसार आयोग में व्यक्तिगत रूप से उपस्थित होकर या ऑनलाइन माध्यम से घर बैठे भी सुनवाई में शामिल होकर अपना पक्ष रख सकेंगे। आयोग का उद्देश्य कांवड़ मेले के दौरान भारी ट्रैफिक और यात्रा संबंधी परेशानियों के बावजूद न्यायिक प्रक्रिया को बिना किसी बाधा के जारी रखना है।
आयोग ने यह भी स्पष्ट किया है कि कांवड़ मेले की अवधि में पहले से निर्धारित सभी सुनवाई अपने तय समय और कार्यक्रम के अनुसार ही आयोजित की जाएंगी। केवल सुविधा के लिए ऑनलाइन विकल्प उपलब्ध कराया गया है, ताकि दूर-दराज़ से आने वाले पक्षकारों को अनावश्यक यात्रा न करनी पड़े।
ऑनलाइन सुनवाई में शामिल होने की प्रक्रिया, आवश्यक दिशा-निर्देश और तकनीकी जानकारी उत्तराखंड सूचना आयोग की आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध करा दी गई है। आयोग ने सभी पक्षकारों से समय से पहले दिशा-निर्देशों का अध्ययन कर निर्धारित समय पर सुनवाई में शामिल होने की अपील की है।
यह पहल कांवड़ मेले के दौरान बढ़ते यातायात दबाव के बीच नागरिकों को राहत देने के साथ-साथ सूचना के अधिकार (RTI) से जुड़ी सुनवाई प्रक्रिया को अधिक सुगम, पारदर्शी और डिजिटल बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।
